मुख्यमंत्री ने यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के सम्बन्ध में मुम्बई में आयोजित रोड शो में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को सम्बोधित किया

उ0प्र0 देश का हृदय स्थल, देश की विरासत की जननी: मुख्यमंत्री

उ0प्र0 अनन्त सम्भावनाओं का प्रदेश, राज्य की 25 सेक्टोरल नीतियां निवेशकों के सामने, उ0प्र0 एक बड़ा बाजार, राज्य सरकार निवेश की सुरक्षा की गारण्टी दे रही

निवेशक उ0प्र0 की इस अपॉर्चुनिटी का लाभ उठाएं

यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए वैश्विक निवेशकों से अब तक लगभग 07 लाख 12 हजार करोड़ रु0 के निवेश प्रस्ताव प्राप्त

राज्य सरकार ने तकनीक का उपयोग करके निवेश प्रक्रिया को मानवीय हस्तक्षेप रहित बनाया

देश को 05 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने का रास्ता उ0प्र0 से होकर जाता

प्रदेश सरकार ने औद्योगिक निवेश के लिए बेहतर वातावरण दिया, विगत 05 वर्षों में 04 लाख करोड़ रु0 से अधिक के निवेश को जमीनी धरातल पर उतारने में सफलता प्राप्त की

प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में भारत ब्रिटेन को पछाड़कर दुनिया की पांचवी अर्थव्यवस्था बना

उ0प्र0 फूड प्रोसेसिंग का बहुत बड़ा हब बन सकता, प्रदेश में प्रचुर संसाधन, डेयरी क्षेत्र में अपार सम्भावनाएं विद्यमान

जेवर में एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन रहा, फेज-1, फेज-2 के बाद फेज-3 और फेज-4 की भूमि अधिग्रहीत

कोरोना काल खण्ड के दौरान प्रदेश की इण्डस्ट्री और सप्लाई चेन बन्द नहीं होने दी, एक्सपोर्ट को थमने नहीं दिया

ओ0डी0ओ0पी0 अभियान ने प्रदेश के परम्परागत उत्पादों को प्रोत्साहित किया

प्रदेश में 04-लेन इण्टर स्टेट कनेक्टिविटी

देश का सबसे लम्बा 16,000 किलोमीटर का रेल नेटवर्क उ0प्र0 में, ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर उ0प्र0 से होकर गुजरते हैं


लखनऊ: 05 जनवरी, 2023

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के सम्बन्ध में आज मुम्बई में आयोजित रोड शो में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश देश का हृदय स्थल है। यह भारत की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करता है। प्रदेश पर प्रकृति और परमात्मा की असीम कृपा है। उत्तर प्रदेश को देश की विरासत की जननी के रूप में जाना जाता है। जब आम जनमानस देश में अपनी नींव को खोजने का प्रयास करता है, तो उत्तर प्रदेश की भूमि इस रूप में उज्ज्वल भविष्य की तस्वीर प्रस्तुत करते हुए दिखाई देती है। हम सबके लिए यह अवसर अत्यन्त महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अनन्त सम्भावनाओं का प्रदेश है। राज्य की 25 सेक्टोरल नीतियां निवेशकों के सामने हैं। यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए वैश्विक निवेशकों से अब तक लगभग 07 लाख 12 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। प्रदेश सरकार ने तेजी के साथ इस पर कार्य प्रारम्भ किया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मुम्बई देश की आर्थिक राजधानी है। वे देश के निवेशकों को यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में आमंत्रित करने के लिए स्वयं यहां आए हैं। उन्होंने सभी निवेशकों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि निवेशकगण उत्तर प्रदेश की इस अपॉर्चुनिटी का लाभ उठाएं। राज्य सरकार निवेशक व उसके निवेश की सुरक्षा की गारण्टी दे रही है। निवेशक के एम0ओ0यू0 करने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय इन सभी कार्यों की मॉनीटरिंग करता है। निवेशक को कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। ‘निवेश मित्र’ और ‘निवेश सारथी’ के माध्यम से इन्सेन्टिव डी0बी0टी0 द्वारा सीधे आपके खाते में जाएगा। राज्य सरकार ने तकनीक का उपयोग करते हुए निवेश की प्रक्रिया को मानवीय हस्तक्षेप रहित बनाने का प्रयास किया है।
उत्तर प्रदेश में हर सेक्टर में अनेक सम्भावनाएं हैं। इन सम्भावनाओं को आगे बढ़ाने में सभी निवेशक अपना योगदान दें। उत्तर प्रदेश सरकार सभी निवेशकों के स्वागत के लिए उत्सुक है। बाजार की दृष्टि से उत्तर प्रदेश एक बड़ा बाजार है। निवेशक प्रदेश के बाजार का लाभ लें और देश को 05 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने के प्रधानमंत्री जी के विजन को साकार करने में अपना सहयोग करें। देश को यदि 05 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाना है, तो उसका रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर जाता है, क्योंकि देश की एक बड़ी आबादी उत्तर प्रदेश में निवास करती है। उत्तर प्रदेश देश को 05 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने की दिशा में पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने विगत 05 वर्षों में 04 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश को आसानी से जमीनी धरातल पर उतारने में सफलता प्राप्त की है। प्रदेश में 04 लाख 68 हजार करोड़ रुपये के एम0ओ0यू0 हुए थे, जिसमें से 04 लाख करोड़ रुपये के एम0ओ0यू0 को धरातल पर उतार रहे हैं। यह कोविड-19 महामारी के बावजूद हुआ है। प्रदेश सरकार ने 25 सेक्टोरल नीतियां  बनायी हैं। औद्योगिक निवेश के लिए बेहतर वातावरण दिया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश अपनी आजादी का अमृत महोत्सव हर्षाेल्लास से मना रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने हम सबके सामने पंचप्रण का मंत्र रखा है। प्रत्येक भारतवासी ने पहली बार देश की आजादी के इस उत्सव के साथ जुड़कर ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार किया है। हर घर तिरंगा इसका उदाहरण है। सुदूर गांव से लेकर वनवासी क्षेत्रों तक तिरंगा लहराता हुआ दिखाई दे रहा है। यह नये भारत की वह तस्वीर है, जो हर भारतवासी को जाति, मजहब, क्षेत्र व भाषा से ऊपर उठाकर विकास की नई आशा व उमंग के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जिस ब्रिटेन ने भारत में 200 वर्षाें तक शासन किया था, उस ब्रिटेन को पछाड़कर भारत दुनिया की पांचवी अर्थव्यवस्था बना है। यह प्रत्येक भारतवासी के लिए गर्व का विषय है। आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत को जी-20 का नेतृत्व प्राप्त हुआ है। भारत दुनिया के उन 20 प्रतिष्ठित देशों का नेतृत्व कर रहा है, जहां पर दुनिया की 60 फीसदी आबादी निवास कर रही है। जिनका विश्व के 75 फीसदी व्यापार पर अधिकार है, दुनिया की 85 फीसदी जी0डी0पी0 पर जिन देशों का अधिकार है और दुनिया के 90 फीसदी पेटेन्ट पर भी जिन देशों का अधिकार है। आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में भारत को इन देशों के नेतृत्व का अवसर प्राप्त हुआ है, यह प्रत्येक भारतवासी के लिए गौरव की बात है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में नये भारत के नवनिर्माण में हम सबकी क्या भूमिका हो सकती है। इस पर चर्चा करने के लिए उत्तर प्रदेश की ओर से टीम यहां आयी है। उत्तर प्रदेश जनसंख्या की दृष्टि से देश का सबसे बड़ा राज्य है। दुनिया के अन्दर केवल 04 ही देश ऐसे हैं, जिनकी 25 करोड़ से अधिक आबादी है। स्वाभाविक रूप से प्रदेश के पास अनेक सम्भावनाएं हैं। उत्तर प्रदेश के अन्दर प्रत्येक सेक्टर में सम्भावनाएं व्याप्त हैं। विगत 08 वर्षाें में प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में देश में जो कार्य हुआ है, वह हम सबके सामने है। प्रदेश ने भी विगत लगभग 06 वर्षाें में इन सभी सुविधाओं का बेहतर लाभ प्राप्त किया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश की सर्वाधिक उपजाऊ भूमि उत्तर प्रदेश में है। देश के कुल कृषि योग्य क्षेत्र का 11 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में है, लेकिन देश का 20 प्रतिशत खाद्यान्न अकेले उत्तर प्रदेश उत्पादित करता है। यदि हम इस दिशा में थोड़ा और प्रयास कर लें, तो खाद्यान्न उत्पादन में 03 गुना की वृद्धि की जा सकती है। प्रदेश सरकार इस ओर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश फूड प्रोसेसिंग का एक बहुत बड़ा हब बन सकता है। प्रदेश में प्रचुर संसाधन हैं। राज्य में डेयरी क्षेत्र में भी अपार सम्भावनाएं विद्यमान हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 से पूर्व प्रत्येक दूसरे दिन दंगा होता था। वर्ष 2017 से 2022 के दौरान प्रदेश में कोई दंगा नहीं हुआ। सुरक्षा में सेंध लगाने की बात तो बहुत दूर है, कोई इस बारे में सोचने की भी हिम्मत नहीं रखता। राज्य में बेहतर कानून व्यवस्था की स्थिति के कारण निवेशक पूरी निश्चिन्तता के साथ निवेश कर सकते हैं। प्रदेश सरकार ने एण्टी भू-माफिया टास्कफोर्स के माध्यम से भू-माफियाओं से भूमि कब्जे से मुक्त कराकर अपने कब्जे में ली और इसमें तेजी के साथ निवेश कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का कार्य किया। उत्तर प्रदेश में बेहतरीन लैण्ड बैंक है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट जेवर में बन रहा है। प्रदेश सरकार ने वर्ष 2017 में इसकी घोषणा की थी कि जेवर में एक इण्टरनेशनल एयरपोर्ट बनाया जाएगा। राज्य सरकार ने ज्यूरिख इण्टरनेशनल ए0जी0 के माध्यम से इण्टरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण की कार्यवाही को आगे बढ़ाया है। फेज-1, फेज-2 के बाद फेज-3 और फेज-4 की भूमि अधिग्रहीत की जा चुकी है। वहां के किसानों ने दोगुने दाम पर मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर अपनी भूमि की रजिस्ट्री के कागज सौंपकर कहा था कि हमारे यहां यह निवेश होना चाहिए। एक कॉमन मैन का सरकार के प्रति विश्वास का यह उदाहरण है। पिछली सरकारों में यहां पर गोली काण्ड और बड़े-बड़े आन्दोलन होते थे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पूरी दुनिया कोरोना महामारी को झेल रही है। कोरोना कालखण्ड के दौरान प्रदेश की एक भी इण्डस्ट्री बन्द नहीं हुई। सरकार द्वारा इण्डस्ट्री को प्रोत्साहित किया गया। केन्द्र एवं राज्य सरकार ने मिलकर कोविड हेल्प सेण्टर और कोविड हेल्पडेस्क बनाने में भी योगदान दिया। प्रदेश सरकार ने वहां पर चिकित्सकों और पैरामेडिक्स की टीम भेजी। टेक्नीशियंस ने वहां जाकर उनका सपोर्ट किया। उन्हें वहां प्रशिक्षित किया गया। लेकिन इण्डस्ट्री और सप्लाई चेन बन्द नहीं होने दी गई। प्रदेश सरकार ने एक्सपोर्ट को थमने नहीं दिया। परिणामस्वरूप कोरोना जैसी महामारी भी हमारी गति को थाम नहीं पायी। उत्तर प्रदेश में कोरोना प्रबन्धन का बेहतरीन मॉडल प्रस्तुत करने में सफलता मिली।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि एम0एस0एम0ई0 क्लस्टर औद्योगिक विकास का सबसे अच्छा बेस है। उत्तर प्रदेश में आज 96 लाख रजिस्टर्ड एम0एस0एम0ई0 यूनिट्स हैं। इन यूनिट्स ने प्रदेश में अनन्त सम्भावनाओं को आगे बढ़ाया है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ अभियान ने प्रदेश के परम्परागत उत्पादों को प्रोत्साहित करने का कार्य किया है। उत्पाद की ब्राण्डिंग, अच्छी तकनीक, अच्छा मार्केट उपलब्ध कराकर इस कार्य को आगे बढ़ाया गया है। यह प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला बना है। इस दिशा में हम और भी अच्छा कार्य कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बिहार, झारखण्ड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखण्ड और दिल्ली राज्यों सहित उत्तर प्रदेश की सीमा पड़ोसी देश नेपाल से मिलती है। आज इन सभी से हमारी 4-लेन कनेक्टिविटी है। राजधानी लखनऊ को पूर्वी क्षेत्र से जोड़ने के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुन्देलखण्ड क्षेत्र के जनपदों को जोड़ने के लिए बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे, पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पूर्वी उत्तर प्रदेश से जोड़ने के गंगा एक्सप्रेस-वे, देश की राजधानी को प्रदेश की राजधानी से जोड़ने के लिए यमुना एक्सप्रेस-वे तथा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे कनेक्टिविटी के बेहतरीन मॉडल बन चुके हैं। प्रदेश की राजधानी लखनऊ से जनपद मुख्यालयों को 4-लेन कनेक्टिविटी से जोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश का सबसे लम्बा 16,000 किलोमीटर का रेल नेटवर्क उत्तर प्रदेश में है। ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर उत्तर प्रदेश से होकर गुजरते हैं। इन दोनों का जंक्शन भी प्रदेश के जेवर में है। वर्ष 2017 तक प्रदेश में मात्र 02 अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट क्रियाशील थे। वर्तमान में प्रदेश में 09 एयरपोर्ट क्रियाशील हैं। राज्य सरकार 10 नए एयरपोर्ट्स के निर्माण पर कार्य कर रही है, जिनमें से 05 एयरपोर्ट, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इण्डिया को सौंप दिए हैं। इनके संचालन के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इण्डिया के साथ एम0ओ0यू0 किया जा चुका है। इन एयरपोर्ट्स के रख-रखाव आदि के खर्च में राज्य सरकार सहयोग करेगी। शेष 05 एयरपोर्ट्स शीघ्र ही तैयार होने जा रहे हैं, जिन्हें राज्य सरकार एयर कनेक्टिविटी के साथ जोड़ने का कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश लैण्ड लॉक्ड स्टेट से ऊपर उठ चुका है। वर्तमान उत्तर प्रदेश जल, थल, नभ से कनेक्ट हो चुका है। देश का पहला राष्ट्रीय जलमार्ग हल्दिया से वाराणसी के बीच प्रारम्भ हो चुका है। इस दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा और भी कार्यक्रम आगे बढ़ाए जा रहे हैं।
--------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने