प्रेस विज्ञप्ति 

अयोध्या अन्तर्राष्ट्रीय पर्यटन का प्रमुख केन्द्र होगाः मंडलायुक्त

विश्व पर्यटन दिवस पर हेरिटेज वाॅक का आयोजन

अयोध्या। डाॅ0 राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के व्यवसाय प्रबन्ध एवं उद्यमिता विभाग के एम0बी0ए0 टूरिज्म मैनेजमेंट एवं उ0प्र0 पर्यटन, अयोध्या के संयुक्त संयोजन में विश्व पर्यटन दिवस पर हेरिटेज वाॅक का आयोजन किया गया। हेरिटेज वाॅक हनुमान गढी अयोध्या होते हुए कनक भवन, मदगजेन्द्र, झुनकी घाट के रास्ते कोरियन पार्क में जाकर समाप्त हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अयोध्या मंडलायुक्त नवदीप रिनवा रहे। उन्होंने कहा कि अयोध्या के छोटे बडे मन्दिरों और घाटों को पर्यटन का हब बनाने का कार्य उ0प्र0 सरकार और भारत सरकार द्वारा किया जा रहा है। आने वाले वर्षों में अयोध्या अन्तर्राष्ट्रीय पर्यटन का प्रमुख केन्द्र होगा। उ0प्र0 पर्यटन व अवध विश्वविद्यालय के एम0बी0ए0 विभाग द्वारा विश्व पर्यटन दिवस पर हेरिटेज वाॅक का आयोजन कराया है, सरहनीय कार्य है।

राजेन्द्र प्रसाद, उपनिदेशक, उ0प्र0 पर्यटन विभाग, अयोध्या ने कहा कि हेरिटेज वाॅक कराने का उद्देश्य लोगों को पर्यटन के प्रति जागरूक करना है। इस वर्ष विश्व पर्यटन दिवस का थीम पुर्नविचार पर्यटन है जो कि संदेश देता है कि हमें अपने पर्यटन उद्योग के बारे में पुनः सोचना है कि किस प्रकार से आर्थिक व सामाजिक अवसाद से निकलने में पर्यटन अपनी क्या भूमिका अदा कर सकता है। क्योंकि कोविड ने इस उद्योग को बहुत ही नुकसान पहुॅचाया है और उद्योग पुनः खडा हो रहा है। हमें अब नये नये पर्यटन स्थलों को खोजना होगा और यह काम आप सभी छात्रों का है। पर्यटन उद्योग में अब रोजगार के अनेकों अवसर आ रहे हैं। इसी दौरान अयोध्या शोध संस्थान के कलाकारों ने शिव पावर्ती का रोल अदा किया। वहीं अभिषेक सावंत द्वारा छात्रों को स्थलों के बारे में जानकारी दी गई।

     कार्यक्रम के प्रारम्भ में व्यवसाय प्रबन्ध एवं उद्यमिता विभाग के प्रो0 शैलेन्द्र कुमार वर्मा ने मण्डलायुक्त नवदीप रिनवा, उपनिदेशक उ0प्र0 पर्यटन, अयोध्या मण्डल राजेन्द्र प्रसाद और समाजसेवी शक्ति सिंह का स्वागत अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर किया। प्रो0 शैलेन्द्र वर्मा ने कहा कि आगामी वर्षों में पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार की असीम सम्भावनाएं हैं। इसके लिए छात्रों को अभी से तैयारी करनी होगी। उन्होंने बताया कि हेरिटेज वाॅक से छात्रों को अपने विरासत को जानने और समझने मौका मिलता है। आगे भी संयुक्त संयोजन में ऐसे प्रोग्राम का आयोजन करता रहेगा। कार्यक्रम में समाजसेवी शक्ति सिहं, अयोध्या व शोध संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी राम तीरथ, उ0प्र0 पर्यटन विभाग के अमरेश यादव, डाॅ0 अंशुमान पाठक, डाॅ0 रामजीत सिंह यादव, डाॅ0 राकेश कुमार, डाॅ0 निमिष मिश्रा, डाॅ0 महेन्द्र पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने