24 घंटे पहले जलस्तर में गिरावट के बाद गंगा में उफान शुरू हो गया है। गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण वरुणा में पलट प्रवाह से तटीय इलाकों के मकानों में पानी प्रवेश कर गया है। कुछ लोगों ने पहली मंजिल पर शरण ली है तो कई लोगों ने ऊंची जगहों पर पलायन शुरू कर दिया है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार रात आठ बजे गंगा का जलस्तर 68.47 मीटर दर्ज किया गया।

गुरुवार की सुबह से गंगा में जलस्तर में बढ़ोतरी शुरू हो गई। छह सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गंगा के जलस्तर में बढ़ाव के कारण सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 67.81 मीटर दर्ज किया गया। जलस्तर चेतावनी बिंदु 70.262 मीटर से केवल 1.79 मीटर कम है। बुधवार को गंगा के जलस्तर में प्रति घंटे 2 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई थी लेकिन गुरुवार को 7 सेमी प्रतिघंटे का बढ़ाव दर्ज किया गया। गंगा के पलट प्रवाह से वरुणा किनारे रहने वालों की दिक्कतें बढ़ गई है।काफी घरों में पानी घुस गया है। जलस्तर यदि इसी वेग से बढ़ता रहा तो वाराणसी में सामने घाट क्षेत्र की कॉलोनियों, वरुणा किनारे के मोहल्लों और ढाब क्षेत्र के गांवों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ जाएंगी। गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण जल पुलिस और एनडीआरएफ की 11वीं वाहिनी के जवानों को अतिरिक्त सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के लिए कहा गया है। वहीं बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों को सतर्क होकर रहने के लिए प्रशासन की ओर से आगाह किया गया है।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने