आगरा।  जिला पंचायत अध्यक्ष को लेकर शनिवार दोपहर तीन बजे तक स्थिति स्पष्ट हो चुकी है। अध्यक्ष पद का ताज भाजपा की प्रत्याशी मंजू भदौरिया के सिर सज चुका है। क्योंकि इस पद के लिए किसी और व्यक्ति ने नामांकन नहीं किया है। हालांकि तीन महिला दावेदारों ने चार नामांकन पत्र लिए थे। भाजपा की मंजू भदौरिया के विरोध में किसी ने भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। सबसे अधिक सदस्य जीतने का दावा करने वाली बहुजन समाज पार्टी इस चुनावी मैदान से पहले ही बाहर हो गई थी। उसने हाथ खड़े कर दिए थे। तय कर लिया था कि वह इस चुनाव में अपना प्रत्याशी नहीं उतारेगी। सपा भी पहले ही अध्यक्ष पद की रेस से बाहर हो चुकी थी। 

आगरा का जिला पंचायत अध्यक्ष का पद महिला के लिए आरक्षित है। 26 जून सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक कलक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष में नामांकन की प्रक्रिया होनी थी। भाजपा ने पूर्व विधायक डा. राजेंद्र सिंह की पुत्रवधु पर भरोसा जताया था। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया था। दोपहर 12 बजे मंजू भदौरिया अपने ससुर एवं पूर्व विधायक डॉ राजेंद सिंह के साथ नामांकन करने पहुंचीं। उनके साथ आये समर्थक भी उत्साह से लवरेज नजर आ रहे थे। प्रशासन अब मंजू भदौरिया को जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र देने की औपचारिकता पूरी करेगा।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने