बनारस में करीब दस लाख बच्चों के अनुपात में महज 175 पीडियाट्रिशियन (बालरोग विशेषज्ञ) हैं। इनमें ज्यादातर प्राइवेट प्रैक्टिस करते हैं। ऐसे में अगर कोरोना तीसरी लहर का प्रकोप होता है तो इन डॉक्टरों भूमिका महत्वपूर्ण होगी।जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए युद्धस्तर पर तैयारी कर रही है। पहली और दूसरी लहर में फिजीशियन डॉक्टरों की भूमिका महत्वपूर्ण थी, लेकिन तीसरी लहर में बाल रोग विशेषज्ञों की भूमिका अहम होगी। बच्चों के संक्रमित होने की आशंका को लेकर प्रशासन शासकीय हॉस्पिटल के साथ निजी अस्पताल में इलाज की तैयारी कर रहा है। बच्चे संक्रमित होते हैं तो इनका इलाज पीडियाट्रिशियन (बच्चों के डॉक्टर) ही करेंगे। बनारस में करीब 10 लाख बच्चे हैं। इन बच्चों पर 175 पीडियाट्रिशियन हैं। इसमें करीब 25-30 पीडियाट्रिशियन शासकीय हॉस्पिटल में हैं। वहीं बाकी सभी निजी हॉस्पिटल में हैं। बच्चों के अनुपात से देखा जाए तो पीडियाट्रिशयन की संख्या काफी कम है। यहां पर 5714 बच्चों पर एक पीडियाट्रिशयन है। डब्लयूएचओ की मानक अगर देखे तो यहां पर प्रति हजार बच्चों पर एक बालरोग विशेषज्ञ होना चाहिए लेकिन उस मानक से हमारे यहां डॉक्टरों की संख्या बहुत कम है।

मंडल के पीडियाट्रिशियन की बन रही है सूची

बनारस में बच्चों के डॉक्टरों की संख्या कम है। ऐसे में अगर बच्चे ज्यादा संक्रमित होते हैं तो समस्या खड़ी हो सकती है। इस कारण मंडल के पीडियाट्रिशयन और बच्चों के अस्पताल की एक अलग सूची तैयार हो रही है। इसके साथ ही मंडल के डॉक्टरों का एक समूह भी बनाया जा रहा है। जिससे सभी का तालमेल बना रहेगा और अगर कुछ होता है तो उसे तत्काल हैंडल किया जा सकेगा। इस बारे में भारतीय बाल अकादमी बनारस के निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. आलोक भारद्वाज ने कहा कि बनारस में 175 पीडियाट्रिशन हैं। इसमें करीब 25 से 30 शासकीय हॉस्पिटल में हैं। बाकी निजी हॉस्पिटल में हैं। तीसरी लहर एक अनुमान है ये कंफर्म नहीं है। ऐसे में अगर तीसरी लहर आती भी है तो हम पीडियाट्रिशियन इसके लिए तैयार हैं। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने कहा कि बनारस में करीब 10 लाख बच्चे हैं। कोरोना के तीसरी लहर को लेकर हम लोग तैयारी में लगे हुए हैं। हमारे पास पर्याप्त पीडियाट्रिशियन हैं। हम लोग बाहर के डॉक्टरों की सूची तैयार कर रहे हैं। यहां पर इलाज में कोई दिक्कत नहीं होगी।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने