प्रयागराज- निर्वाणानंद अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता के लीग मुकाबलों में शुक्रवार को खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी टीमों को जीत दिलाई। फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब के देवेश नारायण और समर्थ मधुबन ने बल्ले व गेंद से बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वहीं रेलगांव क्रिकेट क्लब के अनुभव यादव ने भी शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी से टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। बीआर मेमोरियल क्रिकेट क्लब ने दस विकेट से और देव स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब ने 97 रन से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता में पूरे अंक हासिल किए।

फाफामऊ मैदान पर बीआर मेमोरियल क्रिकेट क्लब ने स्टैंडर्ड इंटरमीडिएट स्कूल मऊआइमा क्रिकेट क्लब को दस विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मऊआइमा की टीम 17.3 ओवर में महज 62 रन पर सिमट गई। आदित्य विश्वकर्मा ने 16 और आरुष चौरसिया ने 12 रन बनाए। स्वस्तिक यादव ने तीन विकेट, शेयांश यादव ने तीन विकेट और जयदीप कुमार ने दो विकेट लिए। जवाब में बीआर मेमोरियल ने 8.5 ओवर में बिना विकेट खोए 65 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। कैतेश 28 और सिद्धांत पाण्डेय 23 रन बनाकर नाबाद रहे।
डीएसए मैदान पर रेलगांव क्रिकेट क्लब ने डीएसए ए क्रिकेट क्लब को 47 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रेलगांव ने 38.4 ओवर में 166 रन बनाए। अनुभव यादव ने 64 रन की शानदार पारी खेली, जबकि शिवांश यादव ने 32 रन का योगदान दिया। डीएसए ए की ओर से नितेश कुमार, वारिश मिश्रा, उमर अली और स्वयं चौरसिया ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएसए ए की टीम 33.5 ओवर में 119 रन पर सिमट गई। रुद्र यादव ने 19 रन बनाए। अनुभव यादव ने गेंदबाजी में भी कमाल करते हुए चार विकेट झटके। विनायक ने दो विकेट हासिल किए।
देव स्पोर्ट्स मैदान पर देव स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब ने राम बाबू पाल क्रिकेट क्लब को 97 रन से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए देव स्पोर्ट्स ने 35 ओवर में 169 रन बनाए। आकाश पटेल ने 41 और विकास पटेल ने 24 रन बनाए, जबकि प्रिंस और शिवा सिंह ने 18-18 रन का योगदान दिया। राम बाबू पाल की ओर से सिद्धार्थ राजपूत ने तीन और सचिन कुमार ने दो विकेट लिए। जवाब में राम बाबू पाल क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 26.3 ओवर में 72 रन पर सिमट गई। वैभव मिश्रा ने 18 रन बनाए। देव यादव, आयुष्मान मिश्रा और आयुष सिंह ने दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
भानु प्रताप मैदान पर फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब ने जय सेल्स वारियर्स को 74 रन से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब ने 39.4 ओवर में 232 रन बनाए। देवेश नारायण ने 69 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें दस चौके और एक छक्का शामिल रहा। समर्थ मधुबन ने 38 रन बनाए। जय सेल्स वारियर्स की ओर से आदर्श, शिवांश पाण्डेय और लक्ष्य जायसवाल ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जय सेल्स वारियर्स की टीम 36.2 ओवर में 158 रन पर सिमट गई। श्रेष्ठ यादव ने 30, अभिनव गुप्ता ने 28 और कुणाल यादव ने 20 रन बनाए, जबकि मो. समद 28 रन बनाकर नाबाद रहे। समर्थ मधुबन ने चार विकेट और देवेश नारायण ने तीन विकेट लेकर फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब को जीत दिलाई।

            हिन्दी संवाद न्यूज से
              रिपोर्टर वी. संघर्ष
                बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने