बलरामपुर- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में गोष्ठी एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान एवं आदर्शों का स्मरण किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की मेधावी छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्श एवं विचार आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके जीवन और विचारों को सही मायने में समझने के लिए छात्राओं को महात्मा गांधी से संबंधित पुस्तकों एवं उनके साहित्य का अध्ययन करना चाहिए। सत्य, अहिंसा, अनुशासन, स्वावलंबन और कर्तव्यनिष्ठा जैसे उनके जीवन मूल्यों को अपने व्यवहार में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
जिलाधिकारी ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर परिश्रम से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। व्यक्ति जैसा सोचता है और जिस दिशा में पूरी लगन से प्रयास करता है, वह वैसा ही बनने की क्षमता रखता है। इसलिए प्रत्येक छात्रा अभी से अपने जीवन का लक्ष्य तय करे कि उसे भविष्य में क्या बनना है और उस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़े।
उन्होंने कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की अधिक से अधिक छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त कर डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक एवं सिविल सेवाओं सहित विभिन्न प्रतिष्ठित क्षेत्रों में जाएं और अपनी प्रतिभा एवं मेहनत से अपने परिवार, विद्यालय तथा जनपद का नाम रोशन करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि सफलता के लिए संसाधनों से अधिक महत्वपूर्ण लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास है। जीवन में कठिनाइयां आएं तो उनसे घबराने के बजाय उन्हें सीखने और स्वयं को बेहतर बनाने के अवसर के रूप में लें। उन्होंने शिक्षकों से भी छात्राओं की प्रतिभा एवं रुचि को पहचानते हुए उन्हें उचित मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के लिए सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने को कहा।
इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक पाठक सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

                 हिन्दी संवाद न्यूज से
                   रिपोर्टर वी. संघर्ष
                      बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने