बलरामपुर- शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस एवं अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ द्वारा मा० पाटेश्वरी देवीपाटन मंदिर प्रांगण में आयोजित 'शिक्षा की उड़ान' पहल के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को स्टडी टेबल, आशीर्वाद पत्र एवं पठन-पाठन सामग्री वितरित की गई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी द्वारा राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिका खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया तथा विराट किसान मेले एवं विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का शुभारंभ कर किसानों को कृषि यंत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन कर उन्हें सम्मानित किया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिका खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं ट्रैकसूट प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। मा० मुख्यमंत्री जी द्वारा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को स्टडी टेबल, आशीर्वाद पत्र एवं स्टेशनरी किट वितरित की गई। इसके अतिरिक्त विराट किसान मेले एवं विभागीय प्रदर्शनी का शुभारंभ कर किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि नारी का सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन ही रामराज्य की स्थापना का वास्तविक आधार है। जब समाज की प्रत्येक महिला को सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का अवसर प्राप्त होगा, तब रामराज्य की स्थापना के संकल्प को साकार होने से कोई शक्ति नहीं रोक सकती।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मां भगवती की आराधना का वास्तविक अर्थ भी यही है कि समाज प्रत्येक महिला की गरिमा, सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध हो। भारतीय संस्कृति में सदैव नारी शक्ति की उपासना की परंपरा रही है। शारदीय नवरात्रि का पावन पर्व इसी संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री योगी ने समस्त प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए विजयदशमी के अवसर पर भगवान श्रीराम के विजय उत्सव को भव्यता एवं उल्लास के साथ मनाने का आह्वान किया।
*मुख्यमंत्री योगी ने नवदुर्गा स्वरूपा नौ कन्याओं का किया पूजन, चुनरी ओढ़ाकर किया सम्मानित*
शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस एवं अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी द्वारा देवीपाटन मंदिर प्रांगण में नवदुर्गा स्वरूपा नौ कन्याओं का विधिवत तिलक कर पूजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी ने कन्याओं को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा चॉकलेट एवं उपहार प्रदान कर उनका स्नेहपूर्वक उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्याओं को देवी स्वरूप माना गया है। नारी शक्ति का सम्मान हमारी सनातन परंपरा एवं सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग है। समाज की प्रगति एवं समृद्धि के लिए बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा एवं समान अवसर प्रदान करना अत्यंत आवश्यक है।
*वर्ष 2017 से पहले हर पांचवीं बेटी बीच में छोड़ देती थी पढ़ाई, सरकार ने दूर कीं बुनियादी समस्याएं : मुख्यमंत्री योगी*
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश में विद्यालयों में प्रवेश लेने वाली प्रत्येक पांचवीं बेटी बीच में ही पढ़ाई छोड़ देती थी। सरकार गठन के बाद जब इसके कारणों की जानकारी ली गई तो प्रारंभ में विद्यालयों की दूरी को इसका प्रमुख कारण बताया गया।
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि वास्तविक स्थिति की जांच के लिए टीम गठित की गई, जिसमें यह तथ्य सामने आया कि अनेक विद्यालयों में छात्राओं के लिए पृथक शौचालय एवं शुद्ध पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव था।
इसके उपरांत सरकार द्वारा विद्यालयों में बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय, शुद्ध पेयजल, बेहतर फर्नीचर एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में व्यापक कार्य किए गए। साथ ही मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उस समय लगभग 60 से 70 प्रतिशत बेटियां नंगे पैर विद्यालय जाती थीं तथा अनेक बच्चों के पास सर्दियों में पहनने के लिए स्वेटर तक उपलब्ध नहीं होते थे।
प्रदेश सरकार द्वारा इस स्थिति में व्यापक सुधार करते हुए विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
*प्रदेश के 1.60 करोड़ बच्चों को मिल रही शैक्षणिक सुविधाएं, ऑपरेशन कायाकल्प से बदली विद्यालयों की तस्वीर*
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के लगभग 1.60 करोड़ बच्चों को प्रतिवर्ष दो यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, पाठ्यपुस्तकें, स्वेटर एवं जूते-मोजे सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया गया है। विद्यालयों में बेहतर फर्श, फर्नीचर, स्वच्छ पेयजल, शौचालय एवं अन्य सुविधाओं के साथ-साथ स्मार्ट क्लास तथा डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जिन बच्चों की पहुंच पहले कंप्यूटर एवं आधुनिक तकनीक तक नहीं थी, आज वे डिजिटल शिक्षा एवं आधुनिक शिक्षण संसाधनों से जुड़कर अपने भविष्य को नई दिशा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और सरकार का प्रयास है कि आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियां किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा न बनें।
*'शिक्षा की उड़ान' पहल की मुख्यमंत्री योगी ने की सराहना, बच्चों को प्रदान किए स्टडी टेबल एवं आशीर्वाद पत्र*
मुख्यमंत्री योगी द्वारा देवीपाटन मंदिर प्रांगण में आयोजित 'शिक्षा की उड़ान' पहल के अंतर्गत विभिन्न परिषदीय विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को स्टडी टेबल, आशीर्वाद पत्र तथा पठन-पाठन सामग्री प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
मुख्यमंत्री योगी ने आकांक्षात्मक जनपद बलरामपुर में मंडलायुक्त एवं जिला प्रशासन द्वारा संचालित स्टडी टेबल वितरण पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास बच्चों में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में सहायक होते हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी द्वारा निम्नलिखित छात्र-छात्राओं को आशीर्वाद पत्र एवं पठन-पाठन सामग्री प्रदान की गई—
1. हीरालाल — उच्च प्राथमिक विद्यालय हिंडुली कला।
2. अर्चना सैनी — उच्च प्राथमिक विद्यालय बढ़या पकड़ी।
3. काजल — कंपोजिट विद्यालय सेमरा गुलहरिया।
4. प्रभु जायसवाल — उच्च प्राथमिक विद्यालय बलदेव नगर।
5. निस्बा — उच्च प्राथमिक विद्यालय वरायल।
6. गणेश — उच्च प्राथमिक विद्यालय नचौरा।
7. चांदनी निषाद — पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय विलोहा बनकसिया।
8. शालू शर्मा — कंपोजिट विद्यालय पुरुषोत्तमपुर।
9. बेबी — उच्च प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ सेंटवा।
10. रुद्राणी — उच्च माध्यमिक विद्यालय सिरहिया।
11. सानिया — पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय धुसवा।
12. सुधा — कंपोजिट विद्यालय रमवापुर।
मुख्यमंत्री योगी ने सभी छात्र-छात्राओं को मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासन बनाए रखने तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने हेतु प्रेरित किया।
*राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया सम्मानित*
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी द्वारा राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने तथा प्रतिभाग करने वाली प्रतिभाशाली बालिका खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं ट्रैकसूट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री योगी ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
*मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों सम्मानित होने वाली खिलाड़ी*
1.*कंचन* — 36वीं नॉर्थ जोन जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता, प्रयागराज में लंबी कूद स्पर्धा में प्रथम स्थान।
2.*प्राची जैन* — प्रदेश स्तरीय जूडो प्रतियोगिता, लखनऊ में रजत पदक।
3.*संध्या यादव* — राज्य स्तरीय स्कूल गेम्स जूडो प्रतियोगिता, सहारनपुर में कांस्य पदक।
4.*ममता* — राज्य स्तरीय स्कूल गेम्स जूडो प्रतियोगिता, सहारनपुर में कांस्य पदक।
5*साची कश्यप* — 55वीं केवीएस राष्ट्रीय खेलकूद ताइक्वांडो प्रतियोगिता, बेंगलुरु में प्रतिभाग।
6*साक्षी सिंह* — 55वीं केवीएस राष्ट्रीय खेलकूद ताइक्वांडो प्रतियोगिता, बेंगलुरु में प्रतिभाग।
7.*साक्षी सिद्धार्थ* — 55वीं केवीएस राष्ट्रीय खेलकूद ताइक्वांडो प्रतियोगिता, बेंगलुरु में प्रतिभाग।
8.*पलक शुक्ला* — 5वीं ताइक्वांडो प्रतियोगिता, टीएसएच कानपुर एवं 44वीं जूनियर ताइक्वांडो प्रतियोगिता, लखनऊ में कांस्य पदक।
9.*अनाया गुप्ता* — 44वीं जूनियर ताइक्वांडो प्रतियोगिता, लखनऊ में कांस्य पदक तथा 5वीं ताइक्वांडो प्रतियोगिता, टीएसएच कानपुर में प्रतिभाग।
मुख्यमंत्री योगी द्वारा खिलाड़ियों को प्रदान किया गया सम्मान अन्य बालिकाओं के लिए भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा बना।
*प्राथमिक विद्यालय धर्मपुर की छात्राओं ने मुख्यमंत्री योगी को भेंट किए ग्रीटिंग कार्ड, पुष्पगुच्छ एवं स्वरचित रचनाएं*
कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक विद्यालय धर्मपुर की छात्राओं गायत्री, प्रिया एवं जयश्री द्वारा मुख्यमंत्री योगी को ग्रीटिंग कार्ड, पुष्पगुच्छ, स्वरचित कविता एवं पुस्तक भेंट की गई।
बच्चियों की रचनात्मक प्रतिभा एवं साहित्यिक अभिरुचि ने कार्यक्रम को विशेष स्वरूप प्रदान किया।
*महिलाओं को आवास का मालिकाना अधिकार देकर किया जा रहा सशक्त :  मुख्यमंत्री योगी*
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं आर्थिक स्वावलंबन को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास निर्माण की धनराशि परिवार की महिला मुखिया के नाम उपलब्ध कराई जा रही है तथा आवास का मालिकाना अधिकार भी महिलाओं को प्रदान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन महिलाओं के नाम दिए जा रहे हैं। इसी प्रकार एक करोड़ से अधिक परिवारों को प्रदान की गई घरौनियों में भी महिला सदस्यों को मालिकाना अधिकार उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक घरों में शौचालयों का निर्माण महिलाओं की गरिमा, सम्मान एवं स्वास्थ्य की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के लगभग 1.10 करोड़ परिवारों को वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन एवं दिव्यांगजन पेंशन योजनाओं के अंतर्गत प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
*भारतीय नारी ने प्रत्येक कालखंड में अपने सामर्थ्य एवं नेतृत्व का दिया परिचय : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ*
मुख्यमंत्री योगी ने भारतीय संस्कृति एवं इतिहास में नारी शक्ति के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि माता कौशल्या, माता जानकी, माता शबरी, माता देवकी, माता यशोदा, द्रौपदी, मैत्रेयी एवं गार्गी जैसी महान नारियां भारतीय समाज में नारी के ज्ञान, त्याग, समर्पण एवं सामर्थ्य की प्रतीक रही हैं।
उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर ने काशी विश्वनाथ, सोमनाथ एवं केदारनाथ सहित अनेक प्रमुख धार्मिक स्थलों के पुनरुद्धार में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इसी प्रकार वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई, अवंतीबाई लोधी, ऊदा देवी पासी एवं झलकारी बाई जैसी महान वीरांगनाओं ने देश की स्वतंत्रता एवं स्वाभिमान की रक्षा के लिए अद्वितीय साहस का परिचय दिया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की यह विशेषता रही है कि संविधान निर्माण के साथ ही महिलाओं को पुरुषों के समान मतदान का अधिकार प्राप्त हुआ।
उन्होंने कहा कि भारतीय नारी ने प्रत्येक कालखंड में अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता एवं साहस का परिचय दिया है। वर्तमान समय में भी बेटियां शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां प्राप्त कर रही हैं।
*मुख्यमंत्री योगी ने किया विराट किसान मेले एवं विभागीय प्रदर्शनी का शुभारंभ, विभिन्न स्टॉलों का किया अवलोकन*
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी द्वारा फीता काटकर विराट किसान मेले एवं विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया।
मुख्यमंत्री योगी ने कृषि विभाग, उद्यान विभाग, रेशम विकास विभाग, पराग मिल्क, कृषि विज्ञान केंद्र सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने प्रदर्शित कृषि उत्पादों, आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि यंत्रों एवं नवाचारों की जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इस प्रकार के किसान मेलों एवं प्रदर्शनियों से कृषकों को आधुनिक कृषि पद्धतियों, उन्नत तकनीकों एवं कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की जानकारी प्राप्त होती है, जिससे कृषि उत्पादकता बढ़ाने एवं किसानों की आय में वृद्धि करने के प्रयासों को गति मिलती है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सरयू नहर परियोजना का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा इसकी शाखाओं के विस्तार से कृषि क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।
*मुख्यमंत्री योगी ने किसानों को प्रदान किए कृषि यंत्र, आधुनिक खेती के लिए किया प्रोत्साहित*
विराट किसान मेले के अवसर पर  मुख्यमंत्री जी द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी किसानों को कृषि यंत्र एवं अन्य उपकरण प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कस्टम हायरिंग सेंटर योजना के अंतर्गत **जगनारायण एवं मोतीलाल यादव** को चाबियां प्रदान की गईं।
इसी प्रकार *सर्वेश्वर मणि तिवारी, दिलीप कुमार एवं हरीश कुमार* को पावर स्प्रेयर प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री योगी ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं यंत्रीकरण का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, बेहतर सिंचाई व्यवस्था एवं कृषि यंत्रों के उपयोग से किसानों की उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी तथा कृषि कार्य अधिक सुविधाजनक एवं प्रभावी बनेंगे।
*बिना भेदभाव समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाना सरकार का संकल्प : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ*
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग तक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि एवं स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं का लाभ पहुंचाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ बिना किसी भेदभाव के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सुधार, महिलाओं का सशक्तिकरण, किसानों की समृद्धि, युवाओं के लिए अवसरों का विस्तार तथा समाज के कमजोर वर्गों का उत्थान ही समग्र विकास का आधार है।
उन्होंने आकांक्षात्मक जनपद बलरामपुर में शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए सभी संबंधित विभागों को जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर देवीपाटन मंदिर के महंत मिथलेश नाथ, विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, विधायक सदर पल्टूराम, विधायक उतरौला राम प्रताप वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आरती तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ धीरेंद्र प्रताप सिंह 'धीरू', पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह 'शैलू' सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल श्रीमती दुर्गाशक्ति नागपाल , डीएम डॉ विपिन कुमार जैन, शिक्षा विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारीगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, खिलाड़ी, किसान एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
             

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने