माननीय महानिदेशक, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद एवं सचिव, डेयर नई दिल्ली का  केन्द्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान, मखदूम में दो दिवसीय दौरा


माननीय महानिदेशक, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद एवं सचिव, कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (डेयर), नई दिल्ली का दिनांक 02 से 03 अक्टूबर, 2026 तक भा.कृ.अ.प.-केन्द्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान (सी.आई.आर.जी), मखदूम, मथुरा में दो दिवसीय दौरा एवं भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया । इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ0 मनीष कुमार चेटली सहित संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिकों, विभागाध्यक्षों एवं अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया ।


दौरे के दौरान महानिदेशक महोदय ने संस्थान की विभिन्न अनुसंधान, प्रौद्योगिकी विकास, पशु उत्पादन एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का अवलोकन किया तथा संस्थान द्वारा बकरी पालन के क्षेत्र में किए जा रहे अनुसंधान एवं किसानों के हित में संचालित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की । उन्होंने संस्थान के विभिन्न अनुसंधान प्रक्षेत्रों, पशु इकाइयों एवं अन्य महत्वपूर्ण सुविधाओं का भ्रमण कर संस्थान की कार्यप्रणाली एवं उपलब्धियों का जायजा लिया । 


दौरे के दौरान महानिदेशक महोदय ने किसानों एवं बकरी पालकों से खुलकर एवं आत्मीय संवाद किया तथा उनकी समस्याओं, अनुभवों एवं अपेक्षाओं को जाना। उन्होंने बकरी पालन से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों पर चर्चा करते हुए किसानों की आवश्यकताओं के अनुरूप अनुसंधान एवं तकनीकों को उन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने पर जोर दिया।


इस अवसर पर संस्थान के वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों द्वारा विभिन्न अनुसंधान परियोजनाओं, प्रमुख उपलब्धियों, विकसित तकनीकों तथा बकरी पालन से संबंधित उत्पादन, प्रजनन, पोषण, स्वास्थ्य, प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों का प्रस्तुतिकरण किया गया । महानिदेशक महोदय ने वैज्ञानिकों से संवाद करते हुए अनुसंधान कार्यों को किसानों एवं पशुपालकों की आवश्यकताओं से जोड़ने तथा विकसित प्रौद्योगिकियों के व्यापक प्रसार पर बल दिया ।


दौरे के दौरान संस्थान की अनुसंधान एवं प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा भी की गई । माननीय महानिदेशक महोदय ने संस्थान की कार्यप्रणाली, अनुसंधान अधोसंरचना एवं भविष्य की योजनाओं के संबंध में अधिकारियों एवं वैज्ञानिकों के साथ विचार-विमर्श किया तथा संस्थान को बकरी क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार एवं तकनीकी प्रसार का प्रमुख केन्द्र बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया ।

महानिदेशक महोदय के दो दिवसीय दौरे से संस्थान के वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों में उत्साह का संचार हुआ तथा बकरी पालन के क्षेत्र में अनुसंधान एवं किसानों तक तकनीकों के प्रभावी हस्तांतरण को और अधिक गति प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ ।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने