जनपद श्रावस्ती- स्कूल गेम्स ऑफ फेडरेशन एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के निर्देश पर संयुक्त शिक्षा निदेशक देवीपाटन मंडल की देखरेख में शनिवार को जगत जीत इंटर कॉलेज, इकौना में मंडल स्तरीय माध्यमिक विद्यालय योगासन प्रतियोगिता आयोजित हुई।
प्रतियोगिता में बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती की अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग की कुल 18 टीमों ने प्रतिभाग किया। शानदार प्रदर्शन करते हुए बहराइच ने ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया, जबकि बलरामपुर की टीम उपविजेता रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक राम फेरन पांडेय एवं विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक श्रावस्ती सतेंद्र प्रताप सिंह रहे। विधायक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता में बलरामपुर के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 बालक वर्ग की रिदमिक योगासन प्रतियोगिता में एमवाई उस्मानी इंटर कॉलेज उतरौला के आनंद त्रिगुणायत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-17 बालक वर्ग में मॉडर्न इंटर कॉलेज बलरामपुर के विवेकानंद ने प्रथम स्थान हासिल किया।
दोनों विजेता खिलाड़ी आगामी 9 अक्टूबर से आजमगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। विजेताओं को प्रधानाचार्य राम बिहारी बाजपेयी एवं राजेश कुमार यादव ने मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर बलरामपुर से पंकज पांडेय, अर्पण पाण्डेय, उमेश चंद्र तिवारी, बहराइच से राहुल वर्मा, राजेश वर्मा, सतेंद्र कुमार तथा श्रावस्ती से जिला सचिव आशीष कुमार, व्यायाम शिक्षक हनुमान प्रसाद, ज्ञानेन्दु राय, अवधेश चौधरी सहित शिक्षक एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know