बलरामपुर- जनपद के रिजर्व पुलिस लाइन्स बलरामपुर में 'पुलिस स्मृति दिवस' के अवसर पर कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर अमर शहीद पुलिसकर्मियों की स्मृति में एक भव्य और भावभीनी शोक परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक बलरामपुर मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने शहीद स्मारक पर पहुंचकर अमर शहीदों को पुष्पचक्र व श्रद्धा-सुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

​डीजीपी उत्तर प्रदेश के संदेश का हुआ वाचन

​समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा प्रेषित शोक संदेश का उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के समक्ष वाचन किया। उन्होंने बताया कि विगत एक वर्ष के दौरान पूरे भारतवर्ष में कुल 154 वीर पुलिसकर्मियों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिनमें उत्तर प्रदेश पुलिस के 06 वीर सपूत भी शामिल हैं। एसपी ने सभी शहीद अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नाम पढ़कर उनकी शौर्य गाथा और अदम्य साहस के कार्यों को विस्तार से साझा किया।

​'पुलिस का कर्तव्य सेवा, त्याग और बलिदान की पराकाष्ठा है'

​शहीदों को नमन करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस का कर्तव्य महज एक नौकरी नहीं, बल्कि सेवा, त्याग और बलिदान की पराकाष्ठा है। कर्तव्य के पथ पर शहीद हुए जवान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। हमें उनके परिवारों का सदैव सम्मान करना चाहिए और उनके अधूरे सपनों व कर्तव्यों को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाना चाहिए।

​उल्लेखनीय है कि देश भर के पुलिस बलों द्वारा प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को उन पुलिसकर्मियों के सम्मान और स्मरण में 'पुलिस स्मृति दिवस' मनाया जाता है, जिन्होंने अपने प्राणों की बाजी लगाकर देश और समाज की रक्षा की है।

​गरिमामयी उपस्थिति

​इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी उतरौला/लाइन डॉ. जितेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल, क्षेत्राधिकारी ललिया देवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी यातायात विजय कुमार पाण्डेय, पुलिस उपाधीक्षक अशोक सिंह सहित जनपद के समस्त थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक और पुलिस लाइन के समस्त अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया।

               
   

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने