रिपोर्ट***सैय्यद जावेद अख्तर***
उत्तर प्रदेश के तेज तर्रार हमीरपुर जिलाधिकारी अशोक कुमार ने वोटर रजिस्ट्रेशन मुहिम में लापरवाही बरतने पर सदर तहसीलदार अंकित सिंह का वेतन रोकने के निर्देश देने के साथ ही एसडीएम सदर अभिषेक कुमार से जवाब तलब किया है। जिलाधिकारी इस सख़्त कार्यवाही से लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि 17 अक्टूबर को तहसीलदार सदर अंकित सिंह को वोटर रजिस्ट्रेशन मुहिम के बारे में जरुरी हिदायत दी गई थी। लेकिन तहसीलदार ने दी गई जिम्मेदारी नहीं निभाई, जिसके बाद जिलाधिकारी ने उनका वेतन रोकने की हिदायत दे दी। जिलाधिकारी ने कहा कि इलैक्शन कमीशन के दिशा-निर्देशों को लागू कराने में किसी भी तरह की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों की हर हाल में जवाबदेही तय की जायेगी। वहीं मुहिम के तहत निगरानी बरतने में ढीलढाल पाये जाने पर एसडीएम सदर अभिषेक कुमार को शोकाज नोटिस जारी किया गया है। जिलाधिकारी ने सख्त हिदायत देते हुये कहा कि जिम्मेदार अधिकारी तय वख्त के अन्दर अपना जवाब दें, वरना सख्त कार्यवाही के लिये तैय्यार रहें।
जिलाधिकारी ने जिले के सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सख्त हिदायत देते हुये साफ कहा कि कि स्पेशल शार्ट रिविजन मुहिम के दौरान कोई भी वेलिड वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने से न छूट जाये। खासतौर से ऐसे युवक, युवतियां जो 18 साल के हो चुके हैं और पहली बार वोटर बनने जा रहे हैं, उनका नाम वोटर लिस्ट में शामिल कराने के लिये खास मुहिम चलाई जाये। साथ ही सभी बीएलओ अपने-अपने चुनावी इलाकों में घर-घर जाकर लोगों से कांटेक्ट करें, साथ ही स्पेशल कैंपों के जरिये वैलिड नागरिकों के रजिस्ट्रेशन प्रोसेस की जानकारी साझा करें, साथ ही ज्यादा से ज्यादा नये वोटरों के नाम वोटर लिस्ट में जोड़ने की कार्यवाही तय करें। जिलाधिकारी ने साफ लफ्जों में कहा कि स्पेशल शार्ट रीविजन मुहिम के तहत वैलिड वोटरों का रजिस्ट्रेशन तय करना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की बड़ी जिम्मेदारी है। वहीं लापरवाही बरतने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी।

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know