बलरामपुर- विकास खंड गैड़ास बुजुर्ग अंतर्गत ग्राम चिरकुटिया में चल रहे 10 दिवसीय नवरात्रि एवं दशहरा उत्सव के पावन अवसर पर उतरौला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी हसीब खान ने दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचकर पूजा कमेटी के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सभी को नवरात्रि व विजयादशमी की बधाई देते हुए क्षेत्र में आपसी प्रेम, भाईचारे और धार्मिक सौहार्द का संदेश दिया।
​ग्राम चिरकुटिया पहुंचे हसीब खान का पूजा कमेटी और ग्रामीणों ने स्वागत किया। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए हसीब खान ने कहा कि भारत की असली पहचान यहां की गंगा-जमुनी तहजीब और विविधता में एकता है। त्योहार केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं होते, बल्कि समाज को एक सूत्र में पिरोने और आपसी रिश्तों को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
​उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, मर्यादा और कर्तव्य पालन की सीख देता है। हिंदू-मुस्लिम एकता और सामाजिक सद्भाव को क्षेत्र के विकास के लिए जरूरी बताते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र की उन्नति तभी संभव है, जब लोग आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनें।
​हसीब खान ने लोगों से नफरत के बजाय मोहब्बत और विवाद के बजाय संवाद का रास्ता अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उतरौला की गंगा-जमुनी परंपरा को कायम रखना हम सभी की साझी जिम्मेदारी है।
​इस अवसर पर दुर्गा पूजा कमेटी के पदाधिकारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। 
            हिन्दी संवाद न्यूज से
           असगर अली की खबर
             उतरौला बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने