जश्न-ए-ग़ौस-उल-वरा में डॉ. रेहान अहमद फ़ारूक़ी सम्मानित

मुफ़्ती आज़म अली क़ादरी समेत कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद, अमन-ओ-अमान के लिए मांगी गई दुआ

लखनऊ। गोमती नगर स्थित दारुल उलूम वारसिया में जश्न-ए-ग़ौस-उल-वरा के मुबारक अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षा, समाज और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. रेहान अहमद फ़ारूक़ी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में दारुल उलूम वारसिया के मैनेजर शरीफ़ुल हसन क़ादरी और प्रिंसिपल मौलाना ज़हीर अब्बास ने संयुक्त रूप से डॉ. फ़ारूक़ी को अंगवस्त्र एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके सामाजिक और शैक्षिक योगदान की सराहना की।

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि समाज की तरक्की और उसे सही दिशा देने में शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों तथा धार्मिक संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि दीनी तालीम के साथ सामाजिक जागरूकता, आपसी सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा देना भी समय की आवश्यकता है। डॉ. रेहान अहमद फ़ारूक़ी जैसी शख्सियतों का सम्मान समाज में सकारात्मक कार्यों को प्रोत्साहित करने का माध्यम है।

इस अवसर पर मुफ़्ती आज़म अली क़ादरी, मौलाना ख़तीब आलम, मुफ़्ती शेर मोहम्मद और मास्टर कलाम सहित अनेक धार्मिक एवं सामाजिक हस्तियां मौजूद रहीं। इसके अतिरिक्त मदरसे के शिक्षक, छात्र और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम के समापन पर मुफ़्ती आज़म अली क़ादरी ने देश में अमन-ओ-अमान, सुख-शांति, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव कायम रहने के लिए विशेष दुआ की। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने