बलरामपुर- जनपद में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण—जनसंख्या की गणना को सुव्यवस्थित, त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम बैच के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी ने कहा कि जनगणना-2027 का द्वितीय चरण पूर्णतया डिजिटल माध्यम से संपन्न कराया जाएगा। आधुनिक तकनीक के उपयोग से जनगणना संबंधी सूचनाओं के संकलन को अधिक सुगम, सटीक एवं प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने फील्ड ट्रेनर्स से प्रशिक्षण की प्रत्येक प्रक्रिया, तकनीकी पहलू एवं दिशा-निर्देशों को गंभीरता से समझने को कहा, जिससे आगे प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जा सके।
उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में आम नागरिकों को 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 के मध्य स्व-गणना (Self Enumeration) के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं भरने का विकल्प उपलब्ध होगा। इससे नागरिक डिजिटल माध्यम का प्रयोग करते हुए जनगणना में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकेंगे।
स्व-गणना की अवधि पूर्ण होने के पश्चात 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणक अपने आवंटित गणना ब्लॉक (Enumeration Block–EB) में घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना से संबंधित निर्धारित जानकारियां एकत्र करेंगे। इस दौरान प्रत्येक परिवार एवं व्यक्ति से निर्धारित विवरण प्राप्त कर डिजिटल माध्यम से दर्ज किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण की संदर्भ तिथि 05 जनवरी 2027 को रात्रि 00:00 बजे निर्धारित है। मुख्य गणना कार्य पूर्ण होने के बाद 05 जनवरी से 09 जनवरी 2027 तक रिवीजनल राउंड संचालित किया जाएगा, जिसमें एकत्रित सूचनाओं की आवश्यक जांच एवं छूटे हुए मामलों के संबंध में कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
*सटीक जनगणना आंकड़ों के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण — जिलाधिकारी*
जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी ने गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण की उपयोगिता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जनगणना के आंकड़े देश एवं प्रदेश की भावी विकास योजनाओं, नीति निर्माण एवं संसाधनों के बेहतर नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक स्तर पर सूचनाओं का सही एवं सटीक संकलन अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने सभी फील्ड ट्रेनर्स से अपेक्षा व्यक्त की कि वे तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान जनगणना से संबंधित प्रत्येक बिंदु, डिजिटल प्रक्रिया एवं व्यावहारिक पहलुओं को भली-भांति समझें। प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रत्येक प्रगणक एवं सुपरवाइजर को गुणवत्तापूर्ण एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे फील्ड स्तर पर किसी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रक्रियागत समस्या न आए और सटीक जनगणना आंकड़ों का संकलन सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने में फील्ड ट्रेनर्स, प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराएं।

             हिन्दी संवाद न्यूज से
              रिपोर्टर वी. संघर्ष
                 बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने