बलरामपुर- जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने एवं आधारभूत संरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से निर्माणाधीन रिंग रोड परियोजना में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने गुरुवार को रिंग रोड के विभिन्न निर्माण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रिंग रोड के प्वाइंट 15.00 तथा गोंडा रोड स्थित रिंग रोड के प्रारंभिक बिंदु का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, अब तक की भौतिक प्रगति तथा परियोजना को निर्धारित समय में पूरा करने की कार्ययोजना की जानकारी ली।
निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रिंग रोड जैसी महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। कार्यों में तेजी लाकर परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि रिंग रोड के सभी निर्माण बिंदुओं पर एक साथ कार्य संचालित किया जाए। इसके लिए प्रत्येक स्थान पर आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग मशीनरी, पर्याप्त श्रमिक एवं तकनीकी मैनपावर की तैनाती की जाए। उन्होंने कहा कि एक स्थान पर कार्य पूरा होने की प्रतीक्षा किए बिना अन्य उपलब्ध स्थलों पर भी समानांतर रूप से निर्माण कराया जाए।
प्रत्येक प्वाइंट का तैयार हो प्रगति चार्ट
जिलाधिकारी ने एनएच अधिकारियों को निर्देशित किया कि रिंग रोड के प्रत्येक निर्माण बिंदु की अलग-अलग कार्ययोजना एवं प्रगति चार्ट तैयार किया जाए। इसमें वर्तमान स्थिति, शेष कार्य, उपलब्ध मशीनरी, तैनात मैनपावर तथा कार्य पूर्ण होने की लक्षित तिथि का स्पष्ट उल्लेख किया जाए।
उन्होंने निर्माण कार्यों की दैनिक प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा धीमी गति वाले स्थानों पर अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि मशीनरी एवं मैनपावर की कमी के कारण किसी भी स्थिति में निर्माण कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए।
गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं
जिलाधिकारी ने कहा कि रिंग रोड जनपद की यातायात व्यवस्था और भविष्य की विकास आवश्यकताओं की दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके निर्माण से शहर के भीतर वाहनों का दबाव कम करने, भारी वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित करने तथा प्रमुख मार्गों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी के साथ-साथ गुणवत्ता एवं निर्धारित तकनीकी मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। संबंधित तकनीकी अधिकारी नियमित रूप से निर्माण कार्यों की निगरानी करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि रिंग रोड परियोजना की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य कराना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।
निरीक्षण के दौरान एनएच के संबंधित अधिकारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know