***रिपोर्ट सैय्यद जावेद अख्तर***


उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में टीचर्स डे के मौके पर कलेक्ट्रेट मीटिंग हाल में  शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति बतौर महमाने खास जबकि  जिलाधिकारी अभिषेक गोयल महमाने खुसीसी के तौर पर मौजूद रहे। इस मौके पर बोलते हुये सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल, संस्कार के साथ ही दृष्टिकोण में सकारात्मक बदलाव लाकर उनके व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। साथ ही कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), गूगल और स्मार्टफोन की तकनीकों के बढ़ते असर  के बीच शिक्षकों के सामने नई चुनौतियां हैं। ऐसे में शिक्षकों को तकनीक और आधुनिक शिक्षण तरीकों  को अपनाते हुए विद्यार्थियों को भविष्य की जरुरतों के मुकाबले तैयार करना होगा। उन्होंने कहा कि सरकारी शिक्षा व्यवस्था में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। बल्कि खुद  के तजुर्बे साझा करते हुए बताया कि  प्राथमिक शिक्षा से लेकर विश्वविद्यालय लेबल तक की शिक्षा सरकारी शिक्षण संस्थानों से हासिल की है। उन्होंने कहा कि जरुरत इस बात की है कि मां बाप और समाज में सरकारी विद्यालयों के लिये यकीन को और मजबूत किया जाये। साथ ही विद्यालयों में मौजूद संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में बराबर सुधार किया जाए।

जबकि जिलाधिकारी  अभिषेक गोयल ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे विद्यार्थियों के चरित्र, व्यक्तित्व एवं भविष्य निर्माण के साथ राष्ट्र निर्माण में जरूरी भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों से बदलते समय के अनुरूप तकनीक एवं नई सोच को शिक्षण प्रक्रिया का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षक अपने विद्यार्थियों की एनर्जी को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करे, शिक्षक दिवस का असल मकसद यही है। समारोह के दौरान बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग में बेहतरीन काम करने वाले शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी  अरुण कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक महेश कुमार गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकेश खरवार सहित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने