UPSDM के पवेलियन में दिखा हुनर का संगम


मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने किया ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ पोर्टल का शुभारंभ


25 सितम्बर 2026 ग्रेटर नोएडा / लखनऊ।


उत्तर प्रदेश की कला, कौशल और कारीगरी को वैश्विक मंच प्रदान करने वाले UP International Trade Show 2026 (UPITS) का शुक्रवार को इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में भव्य आगाज हुआ। इस वर्ष उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) का पवेलियन पहले से कहीं अधिक व्यापक, आकर्षक और इंटरैक्टिव अंदाज में दर्शकों के सामने आया है।


UPSDM पवेलियन का उद्घाटन प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग कपिल देव अग्रवाल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम और मिशन निदेशक  पुलकित खरे भी उपस्थित रहे।


पवेलियन के उद्घाटन के बाद मंत्री  कपिल देव अग्रवाल ने ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ पोर्टल का शुभारंभ किया। यह पोर्टल 10 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत प्रारंभ किया गया है। इस चैलेंज के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, प्रोफेशनल्स और आम नागरिकों को अपने नए आइडिया, प्रोजेक्ट और मॉडल प्रस्तुत करने का सुनहरा अवसर दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य नवाचार को बढ़ावा देकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।


UPSDM पवेलियन में दर्शकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण 16 विभिन्न कौशलों का लाइव प्रदर्शन रहा। यहाँ आगंतुकों ने सिर्फ हुनर देखा ही नहीं, बल्कि उसे समझा और खुद करके सीखा भी। पवेलियन में पारंपरिक कारीगरी से लेकर आधुनिक तकनीक तक के हुनर का जीवंत संगम देखने को मिला, जिसने सभी का मन मोह लिया।


इस वर्ष UPSDM पवेलियन में पहली बार ‘स्किल मंच’ की शुरुआत की गई, जो युवाओं की प्रतिभा को मंच देने की एक अनूठी पहल है। पहले दिन एमिटी यूनिवर्सिटी के छात्रों ने इस मंच पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। किसी ने अपने सुरों से समां बांधा तो किसी ने स्टैंडअप कॉमेडी से दर्शकों को खूब हंसाया।


इसके साथ ही DIY गतिविधियां भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं, जहाँ लोगों ने खुद हाथ आजमाकर कौशल सीखने का अनुभव लिया। पहले दिन ही UPSDM के पवेलियन में बड़ी संख्या में आगंतुकों की भीड़ उमड़ी और सभी ने इस इंटरैक्टिव पहल की सराहना की।


संपर्क सूत्र: धर्मवीर खरे 8737008603

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने