मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सांसदों, जिला पंचायत अध्यक्षों, विधायकों,
विधान परिषद सदस्यों, महापौरों, नगर पालिका एवं नगर पंचायत
अध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ वर्चुअल बैठक की
जनप्रतिनिधियों से ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़ने और अपने-अपने
क्षेत्रों में जनता के साथ मिलकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया
प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के निरन्तर सेवा काल को समर्पित यह अभियान
तभी सार्थक होगा, जब इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी हो : मुख्यमंत्री
आगामी 17 सितम्बर को सेवा दिवस के साथ विश्वकर्मा जयंती पर सभी विधानसभा
क्षेत्रों में विश्वकर्मा पूजन और शिल्पकारों को टूलकिट का वितरण किया जाएगा
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में सायं 07 बजे
लाभार्थी परिवारों के साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे
‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में सभी सरकारी और निजी
बेसिक, माध्यमिक तथा उच्च शिक्षण संस्थानों को जोड़ा जाए
‘नमो सेवा, अनकही कहानियां’ कार्यक्रम आगामी 18 सितम्बर
से प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में आयोजित किए जाएं
‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों का सम्मान किया जाएगा, साथ ही हेल्दी बेबी प्रतियोगिता आयोजित होगी
‘सेवा की कहानी’ के तहत पिछले साढ़े नौ वर्षों में आए बदलावों
को लाभार्थियों की अपनी कहानियों के जरिए सामने लाया जाए
आगामी 07 अक्टूबर को प्रत्येक जनपद के एक
प्रमुख चौराहे पर ‘सेवा कलश’ स्थापित किया जाएगा
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों को अलग-अलग सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाए
प्रत्येक विधानसभा में कम से कम 02 स्थलों
के कायाकल्प का काम जनभागीदारी से कराया जाए
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत प्रत्येक विकासखण्ड
में 07 दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे
लखनऊ : 10 सितम्बर, 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां अपने सरकारी आवास पर प्रदेश के सांसदों, जिला पंचायत अध्यक्षों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों, महापौरों, नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़ने और अपने-अपने क्षेत्रों में जनता के साथ मिलकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री जी ने अभियान के 12 प्रमुख कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्षों के निरन्तर सेवा काल को समर्पित यह अभियान तभी सार्थक होगा, जब इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी हो। सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से अभियान की पहुंच गांव से लेकर शहर तक और समाज के हर वर्ग तक होगी।
मुख्यमंत्री जी ने आगामी 17 सितम्बर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में भी जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि 17 सितम्बर को सेवा दिवस के साथ विश्वकर्मा जयंती पर सभी विधानसभा क्षेत्रों में विश्वकर्मा पूजन और शिल्पकारों को टूलकिट का वितरण किया जाएगा। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में सायं 07 बजे लाभार्थी परिवारों के साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की योजनाओं से बने प्रमुख भवनों और विकास परियोजनाओं के स्थलों पर भी दीप जलाए जाएं। सभी विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में इन कार्यक्रमों में उपस्थित रहें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में सभी सरकारी और निजी बेसिक, माध्यमिक तथा उच्च शिक्षण संस्थानों को जोड़ा जाए। विद्यार्थियों की चित्रकला, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के साथ शिक्षकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इससे बच्चों और युवाओं को देश की विकास यात्रा से जोड़ने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ‘नमो सेवा, अनकही कहानियां’ कार्यक्रम आगामी 18 सितम्बर से प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में आयोजित किया जाना है। इसमें पर्यटन विभाग नोडल विभाग की भूमिका निभाए। स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के साथ विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी कार्यक्रम से जोड़ा जाए। उनके माध्यम से सेवा, सुशासन और विकास की उन कहानियों को लोगों तक पहुंचाया जाए, जो हमारे आसपास ही आकार ले रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ हेल्दी बेबी प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। इस कार्यक्रम को केवल आयोजन तक सीमित न रखा जाए। माताओं तक पोषण, स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास से जुड़ी जरूरी जानकारी भी सहज ढंग से पहुंचाई जाए।
मुख्यमंत्री जी ने ‘सेवा की कहानी’ के अन्तर्गत विगत साढ़े नौ वर्षों में आए बदलावों को लाभार्थियों की अपनी कहानियों के जरिए सामने लाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समाज के हर क्षेत्र में बदलाव आया है और बिना भेदभाव लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इन बदलावों की असली तस्वीर लाभार्थियों के अनुभवों से ही सामने आएगी। वीडियो रील में लाभार्थी का नाम, ग्राम, जनपद और योजना का नाम जरूर दिया जाए। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष और आयुष्मान भारत के लाभार्थियों को भी इसमें शामिल किया जाए। मुख्यमंत्री जी ने ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के सम्बन्ध में कहा कि आगामी 07 अक्टूबर का दिन विशेष महत्व रखता है। इसी दिन 25 वर्ष पूर्व, प्रधानमंत्री जी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी जनसेवा की एक नई यात्रा शुरू की थी। इस अवसर पर प्रत्येक जनपद के एक प्रमुख चौराहे पर ‘सेवा कलश’ स्थापित किया जाएगा और वहां प्रधानमंत्री जी का विशेष सम्बोधन होगा। जनप्रतिनिधि इसमें सक्रिय रूप से भाग लें, ताकि यह आयोजन सेवा, समर्पण और संकल्प का प्रतीक बन सके।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों को अलग-अलग सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाए। प्रत्येक विधानसभा में कम से कम 02 स्थलों के कायाकल्प का काम भी जनभागीदारी से कराया जाए। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत प्रत्येक विकासखण्ड में 07 दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों का उद्देश्य साफ होना चाहिए, नागरिक को लाभ लेने के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। एक ही जगह केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी, आवेदन, पात्रता का सत्यापन और पात्र लोगों के मामलों में स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़े। इन शिविरों के साथ स्वास्थ्य मेले भी लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ की असली ताकत लोगों की भागीदारी है। इसलिए इसमें सांसदों और विधायकों के साथ ग्राम स्तर तक के जनप्रतिनिधि, युवा, महिलाएं, विद्यार्थी, शिल्पकार, स्वयं सहायता समूह और सामाजिक संगठन भी जुड़ें। मुख्यमंत्री जी ने सभी जनप्रतिनिधियों से 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान को अपने-अपने क्षेत्रों में सेवा, सुशासन और जनभागीदारी का उत्सव बनाने का आह्वान किया।
---------
.jpg)
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know