बलरामपुर- जनपद में विगत तीन दिनों से आंधी-तूफान एवं अतिवृष्टि के कारण उत्पन्न परिस्थितियों के दृष्टिगत जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जनपद के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए हैं। साथ ही सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में राहत, बचाव एवं पुनर्बहाली कार्य युद्धस्तर पर सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि अतिवृष्टि एवं तेज हवाओं के कारण जनपद में बड़ी संख्या में पेड़ एवं विद्युत पोल गिरने, विद्युत लाइनों के क्षतिग्रस्त होने तथा अन्य परिसंपत्तियों को नुकसान पहुंचने से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। ऐसी परिस्थितियों में सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक सेवाओं की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों, लोक निर्माण विभाग, बाढ़ खंड, विद्युत विभाग, जिला विकास अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यक संसाधनों के साथ तत्काल राहत एवं पुनर्बहाली कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने निर्देशित किया कि पुनर्बहाली कार्यों के लिए आवश्यकतानुसार जेसीबी, डंपर, क्रेन, ट्रैक्टर-ट्रॉली, श्रमिक, मानव संसाधन एवं अन्य आवश्यक मशीनरी की तत्काल व्यवस्था की जाए। इसके लिए शासकीय, अर्द्धशासकीय, स्थानीय निकाय एवं आवश्यकता पड़ने पर निजी स्रोतों से भी संसाधन अधिग्रहित किए जा सकेंगे।
जिलाधिकारी ने विद्युत आपूर्ति की बहाली को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए क्षतिग्रस्त विद्युत पोल, लाइनों एवं अन्य विद्युत परिसंपत्तियों की मरम्मत तथा पुनर्स्थापना के लिए आवश्यक मानव संसाधन, मशीनरी एवं सामग्री की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर मंडल स्तर से भी अतिरिक्त संसाधन प्राप्त किए जाएंगे।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से 24×7 आधार पर पुनर्बहाली कार्य संचालित करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राहत एवं पुनर्बहाली कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तत्परता के साथ फील्ड में रहकर कार्य करें, ताकि जनपद में प्रभावित आवश्यक सेवाओं को शीघ्र सामान्य किया जा सके तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know