सी.एम.एस. में पॉक्सो एवं पॉश एक्ट पर कार्यशाला का आयोजन

लखनऊ, 19 सितम्बर। सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सी.एम.एस.), प्रधान कार्यालय में आज बाल सुरक्षा एवं कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम के संदर्भ में विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में सी.एम.एस. के कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई तथा बच्चों एवं महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम हेतु जन-जागरूकता का आह्वान करते हुए स्वयं भी एक जिम्मेदार, जागरूक व संवेदनशील नागरिक बनने का संकल्प लिया।

कार्यशाला का संचालन सी.एम.एस. काउन्सलर सुश्री हेमा टण्डन एवं सुश्री भाव्या शर्मा ने पावर प्वाइंट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से किया। उन्होंने प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेन्सेज (पॉक्सो) एवं प्रिवेन्शन ऑफ सेक्सुअल हैरेसमेंट ऑफ वीमेन एट वर्कप्लेस (पॉश) एक्ट के विभिन्न पहलुओं की सरल एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।

कार्यशाला में बच्चों को यौन शोषण से सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया तथा बाल सुरक्षा से जुड़े विषयों के प्रति वयस्कों को सजग एवं संवेदनशील रहने की जिम्मेदारी से अवगत कराया गया। इसके उपरान्त कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध एवं निवारण) अधिनियम के प्रावधानों एवं इनके प्रति नियमित जागरूकता पर विस्तार से चर्चा-परिचर्चा सम्पन्न हुई।

इस अवसर पर सुश्री हेमा टण्डन ने बताया कि यौन उत्पीड़न में अवांछित शारीरिक संपर्क अथवा अनुचित व्यवहार, यौन भाव वाले अनुचित कथन एवं टिप्पणियां, इशारे, चित्र अथवा अन्य मौखिक एवं गैर-मौखिक व्यवहार शामिल हो सकते हैं। उन्होंने व्यक्तिगत सीमाओं एवं गरिमा का सम्मान करने तथा शब्दों के साथ-साथ हाव-भाव एवं व्यवहार के प्रति भी सजग रहने का आह्वान किया।

सुश्री भाव्या शर्मा ने कहा कि अनुचित रूप से विशेष लाभ अथवा प्राथमिकता देने का वादा, धमकी, अपमानित करना अथवा ऐसा कार्यस्थल वातावरण बनाना, जिसमें कर्मचारी स्वयं को असहज या असुरक्षित महसूस करे, जैसे मामलों को भी गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य सभी के लिए जागरूकता, संवेदनशीलता एवं सुरक्षित तथा गरिमापूर्ण कार्यस्थल सुनिश्चित करना है।

कार्यशाला में इंटरनल कम्प्लेन्ट्स कमेटी (आई.सी.सी.) की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई और शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया एवं निर्धारित समय-सीमा की भी जानकारी दी गई।

सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स श्री ऋषि खन्ना ने बताया कि सी.एम.एस. के प्रधान कार्यालय समेत सभी 22 कैम्पसों में इंटरनल कम्प्लेन्ट्स कमेटी (आई.सी.सी.) गठित है, जो कर्मचारियों को जागरूक एवं संवेदनशील बनाने, शिकायतें प्राप्त करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनकी जांच करने का कार्य करती है।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने