मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा जयन्ती पर हस्तशिल्पियों, कारीगरों एवं
अभियन्ताओं सहित सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं
लखनऊ : 16 सितम्बर, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने विश्वकर्मा जयन्ती पर सभी हस्तशिल्पियों, कारीगरों, अभियन्ताओं एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, कौशल और निर्माण के आराध्य हैं। उनकी जयन्ती हमें श्रम और हुनर के सम्मान के साथ राष्ट्र एवं समाज के निर्माण में अपना योगदान देने की प्रेरणा देती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश और प्रदेश के आर्थिक विकास में तकनीकी विशेषज्ञों, अभियन्ताओं, कारीगरों और हस्तशिल्पियों का महत्वपूर्ण योगदान है। उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में कारीगर एवं हस्तशिल्पी अपने पारम्परिक कौशल के माध्यम से आजीविका अर्जित कर रहे हैं। पीढ़ियों से चली आ रही उनकी कला और शिल्प परम्परा प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत आधार प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में केन्द्र एवं प्रदेश सरकार कारीगरों और पारम्परिक शिल्पकारों को सशक्त बनाने के लिए निरन्तर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ जैसी योजनाओं के माध्यम से कारीगरों को प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण, वित्तीय सहायता और बाजार उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। इन प्रयासों से पारम्परिक हुनर को नई पीढ़ी और आधुनिक अर्थव्यवस्था से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, औद्योगिक गलियारों, आधुनिक नगरों और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण के साथ विकास की नई गति से आगे बढ़ रहा है। इस निर्माण यात्रा में अभियन्ताओं, तकनीकी विशेषज्ञों, श्रमिकों, कारीगरों और उद्यमियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। विश्वकर्मा जयन्ती इन सभी के श्रम, कौशल और सृजनशीलता के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है।
मुख्यमंत्री जी ने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि वे स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करें। स्थानीय कौशल और संसाधनों को बढ़ावा मिलने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प और मजबूत होगा।
---------

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know