*नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए के शर्मा ने सर्किट हाउस (वाराणसी) में समीक्षा बैठक कर जल भराव और विद्युत समस्याओं के समाधान को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश*


*जल भराव से निपटने को अलर्ट मोड में रहें अधिकारी, लापरवाही किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं: ए.के. शर्मा*


*जर्जर तारों को दुरुस्त करने के साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश*


*कल देर रात जल भराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*


लखनऊ,13 सितंबर 2026


नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने सर्किट हाउस वाराणसी में नगर निगम, जल निगम एवं ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में जल भराव, जल निकासी, साफ-सफाई एवं विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने तथा आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।


मंत्री श्री शर्मा ने जल भराव की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि जल भराव से निपटने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जाए। जहां-जहां जल निकासी के लिए परियोजनाएं बनाए जाने की आवश्यकता है, वहां यथाशीघ्र अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे जल भराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल निकासी की व्यवस्थाओं को मजबूत करने के साथ-साथ भविष्य में जल भराव की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जाए।


नगर विकास मंत्री ने जल निकासी मार्गों में अवरोध उत्पन्न किए जाने की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विद्वेषवश गिट्टी की बोरियां अथवा अन्य सामग्री डालकर पानी के निकास को बाधित करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जल निकासी मार्गों की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी प्रकार का अवरोध पाए जाने पर तत्काल हटाया जाए, ताकि नागरिकों को जल भराव की समस्या का सामना न करना पड़े।


बैठक में ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ने कहा कि विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का तत्काल निस्तारण किया जाए। उन्होंने जर्जर एवं लटके हुए विद्युत तारों को तुरंत दुरुस्त करने तथा विद्युत सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और विद्युत व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।


नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल भराव, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई एवं अन्य जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें और समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें।


इससे पूर्व मंत्री श्री शर्मा ने कल देर रात जल भराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को युद्धस्तर पर कार्य करने तथा नागरिकों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सफाई मित्रों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में सफाई मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके सम्मान एवं सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।


बैठक में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एमडी श्री संदीप कुमार, नगर आयुक्त श्री हिमांशु नागपाल, एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने