यूपी ट्रेड शो में बलरामपुर के उत्पादों की धूम, मूंज की कारीगरी से लेकर कलाकंद-बर्फी और चाट तक बनेगी पहचान
बलरामपुर। जिले के स्थानीय और पारंपरिक उत्पादों को देश-दुनिया के बाजार तक पहुंचाने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में बलरामपुर के स्थानीय उत्पादों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जा रहा है। जिले के पारंपरिक मूंज हस्तशिल्प, कलाकंद, नारियल की बर्फी और चाट के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हैं।
एक जिला-एक व्यंजन योजना के तहत जिले में कलाकंद, नारियल की बर्फी और चाट का चयन किया गया है। ट्रेड शो में इन स्थानीय व्यंजनों को प्रदर्शित कर देश-विदेश से आने वाले खरीदारों और आगंतुकों को बलरामपुर के स्वाद से परिचित कराया जा रहा है। नगर के राम मिष्ठान भंडार की ओर से तैयार कलाकंद, नारियल की बर्फी और बालाजी की चाट को ट्रेड शो में शामिल किया गया है।
मूंज के उत्पाद भी बने आकर्षण
ट्रेड शो में बलरामपुर की मूंज से तैयार हस्तशिल्प वस्तुओं को भी विशेष स्थान दिया गया है। महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा मूंज से तैयार डलिया, बैग, टोकरी, सूप सहित अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया है। इन उत्पादों के माध्यम से जिले की ग्रामीण महिलाओं की कारीगरी और हुनर को बड़े बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
हॉल नंबर-10 में बलरामपुर के उत्पादों की प्रदर्शनी
उद्योग विभाग की ओर से चयनित उत्पादों की ब्रांडिंग और पैकेजिंग की व्यवस्था भी की गई है। ट्रेड शो के हॉल नंबर-10 में बलरामपुर के उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है। इसके जरिए स्थानीय उत्पादों को नई पहचान देने के साथ ही उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का प्रयास है।
उपायुक्त उद्योग रवि कुमार शर्मा ने बताया कि ट्रेड शो जिले के स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। इससे स्थानीय कारीगरों, छोटे उद्यमियों और खाद्य कारोबारियों को अपने उत्पादों की ब्रांडिंग, बाजार विस्तार और नए खरीदारों तक पहुंच बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
बलरामपुर के मूंज हस्तशिल्प और स्थानीय खानपान को एक ही मंच पर मिली जगह ने जिले की पारंपरिक कला, स्वाद और ग्रामीण उद्यमिता को वैश्विक बाजार के सामने प्रस्तुत करने का अवसर दिया है।
उमेश चन्द्र तिवारी
9129813351
हिंदी संवाद न्यूज
उत्तर प्रदेश
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know