बलरामपुर- जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन द्वारा निर्माणाधीन मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं लोकार्पण से पूर्व की जा रही तैयारियों का जायजा लिया गया। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन विभिन्न भवनों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए शेष फिनिशिंग कार्यों को तेजी से पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक, एकेडमिक ब्लॉक, बॉयज हॉस्टल एवं गर्ल्स हॉस्टल का भ्रमण कर निर्माण एवं फिनिशिंग कार्यों की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि भवनों में शेष सभी फिनिशिंग कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण किया जाए।
जिलाधिकारी ने एकेडमिक ब्लॉक में क्लासरूम एवं अन्य कक्षों का निरीक्षण करते हुए कक्षाओं के संचालन के लिए आवश्यक फर्नीचर एवं अन्य व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न भवनों, कार्यालयों, विभागों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की सुगम पहचान के लिए आवश्यक साइनेज लगाए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आगंतुकों की सुविधा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। भवनों के फिनिशिंग कार्य के साथ-साथ परिसर को सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के लिए जो भी शेष कार्य हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय का शीघ्र लोकार्पण प्रस्तावित है, जिसके दृष्टिगत सभी संबंधित विभाग एवं कार्यदायी संस्था आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय में समस्त तैयारियां पूर्ण कर लें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि लोकार्पण से पूर्व निर्माण, फिनिशिंग, फर्नीचर, साइनेज एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं से संबंधित कोई भी कार्य लंबित न रहे।
इस दौरान अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग तथा कार्यदायी संस्था के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

                 हिन्दी संवाद न्यूज से
                  रिपोर्टर वी. संघर्ष
                     बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने