जलालपुर,अम्बेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि स्कूल जा रहा कक्षा आठ का छात्र टेंपो की टक्कर से घायल हो गया। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों में चिंता और मातम का माहौल है।
पहला हादसा जलालपुर-रामगढ़ मार्ग पर अयोध्या हॉस्पिटल के पास हुआ। टांडा तहसील क्षेत्र के महमदपुर सुबारपूर निवासी निखिल उर्फ हैप्पी अपनी बहन को स्कूल छोड़ने के बाद किसी काम से रामगढ़ रोड की ओर जा रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार सामने से आ रही बाइक के शीशे में लगा हैंडल निखिल की बाइक से छू गया। इससे वह अनियंत्रित होकर लड़खड़ा गया। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने आनन-फानन में एंबुलेंस की मदद से निखिल को नगपुर स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
दूसरा हादसा जलालपुर-अकबरपुर मार्ग पर हाथी मंदिर के पास हुआ। यहां विद्यालय जा रहे कक्षा आठ के छात्र ऋषभ बरनवाल पुत्र धीरज बरनवाल को अकबरपुर की ओर जा रहे टेंपो ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से छात्र सड़क पर गिरकर घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
परिजन घायल छात्र को तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को गंभीर देखते हुए परिजन उसे हायर सेंटर के लिए लेकर रवाना हो गए।
इस संबंध में कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी मामले में तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know