जनपद बलरामपुर- देश के द्वितीय राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद् एवं भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट में शिक्षक दिवस एवं शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
शिक्षक दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न विकास खंडों से शिक्षण एवं विद्यालयीय गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 29 शिक्षकों एवं कार्मिकों को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इसी प्रतिबद्धता और ऊर्जा के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। शिक्षक का दायित्व केवल बच्चों को पाठ्यक्रम एवं किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनमें जिज्ञासा, आत्मविश्वास, अनुशासन, रचनात्मकता और जीवन में आगे बढ़ने की क्षमता विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में अलग-अलग प्रतिभा और क्षमता होती है। शिक्षक उस प्रतिभा को पहचानकर उचित मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन देते हुए बच्चों को उनकी पूरी क्षमता तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को ऐसा सकारात्मक एवं प्रेरक वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जहां वे बिना झिझक प्रश्न पूछ सकें, नई चीजें सीख सकें और अपनी प्रतिभा को निखार सकें। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की शैक्षिक प्रगति पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान देने तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी बच्चा सीखने की प्रक्रिया में पीछे न रहे। उन्होंने नवाचार एवं रोचक शिक्षण पद्धतियों को अपनाते हुए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर पठन-पाठन को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा का माध्यम बनता है। सभी शिक्षक अपने विद्यालय को बेहतर भविष्य के निर्माण का केंद्र बनाएं। शिक्षक की वास्तविक उपलब्धि उसके विद्यार्थियों की सफलता और उनके जिम्मेदार नागरिक के रूप में आगे बढ़ने में निहित है।
समारोह में बलरामपुर से श्रीमती प्रियंका तिवारी एवं श्रीमती निर्मला कुमारी, उतरौला से श्रीमती रंजना गुप्ता एवं श्रीमती शशिना वर्मा, हरैया सतघरवा से अवध बिहारी एवं श्रीमती आशा गौतम, पचपेड़वा से मनोज कुमार मिश्र एवं रजनीश, गैसड़ी से राघवेन्द्र सिंह एवं  हरिराम गुप्ता, तुलसीपुर से शुभम श्रीवास्तव एवं अमित गुप्ता, श्रीदत्तगंज से शिव प्रसाद एवं मो० असरार सिद्दीकी, रेहरा बाजार से रामेश्वर कुमार वर्मा एवं जितेन्द्र कुमार प्रजापति, नगर बलरामपुर से मनीष वर्मा एवं श्रीमती प्रतिमा करौली तथा गैड़ास बुजुर्ग से कुतुबुल्लाह खान एवं शिव कुमार को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही स्पेशल एजुकेटर के रूप में पचपेड़वा से सत्येन्द्र सिंह, तुलसीपुर से श्रीमती प्रतिमा सिंह, उतरौला से  शैलेश कुमार पाण्डेय, नगर बलरामपुर से देव बाबू पाण्डेय, गैड़ास बुजुर्ग से सुरेश चन्द्र चौधरी तथा गैसड़ी से मेराज अहमद को सम्मानित किया गया। वहीं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय से गैड़ास बुजुर्ग की श्रीमती ममता यादव, तुलसीपुर की श्रीमती संगीता मिश्र तथा बलरामपुर देहात की कु० स्नेहलता को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने सभी सम्मानित शिक्षकों एवं कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि जनपद के शिक्षक इसी समर्पण, नवाचार और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक पाठक व अन्य संबंधित अधिकारी / कर्मचारीगण उपस्थित रहें।

              हिन्दी संवाद न्यूज से
                रिपोर्टर वी. संघर्ष
                   बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने