बलरामपुर- स्वच्छ ही सेवा मिशन 2026 के अंतर्गत आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर द्वारा सफाई मित्रों के स्वास्थ्य,सुरक्षा एवं कल्याण को लेकर सफाई मित्र सुरक्षा शिविर का आयोजन किया गया। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ.धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के निर्देशन में आयोजित शिविर में सफाई मित्रों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्रदान किया गया।
शिविर में सफाई मित्रों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं एवं जांच की व्यवस्था की गई। अधिकारियों ने सफाई मित्रों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। सफाई कार्य के दौरान संक्रमण एवं अन्य स्वास्थ्य जोखिमों से बचाव के लिए सफाई मित्रों को सुरक्षा किट का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि सफाई मित्र नगर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का ध्यान रखना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ ही सेवा अभियान के माध्यम से स्वच्छता के साथ-साथ सफाई कर्मियों के सम्मान,सुरक्षा और कल्याण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
शिविर में सफाई मित्रों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया से अवगत कराया गया। साथ ही कार्यस्थल पर सुरक्षा उपकरणों के नियमित उपयोग के लिए भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र मौर्य, अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी.सिंह बैस, गौरव मिश्र, सफाई निरीक्षक दिवाकर पांडेय, अरविंद सिंह सहित सफाई नायक एवं नगर पालिका के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know