लखनऊ- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत गोरखपुर–फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। वर्तमान निर्वाचित सदस्य श्री ध्रुव कुमार त्रिपाठी का कार्यकाल 06 दिसंबर 2026 को समाप्त होने के दृष्टिगत निर्वाचन कराया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 (मंगलवार) को जारी की जाएगी। नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 06 अक्टूबर 2026 (मंगलवार) निर्धारित की गई है। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 07 अक्टूबर 2026 (बुधवार) को की जाएगी, जबकि अभ्यर्थियों द्वारा नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 09 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) निर्धारित है।
मतदान 23 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को प्रातः 8:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक संपन्न होगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 (मंगलवार) को की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 (शनिवार) निर्धारित की गई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार निर्वाचन कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता के सुसंगत प्रावधान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप लागू हो गए हैं।
निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम एवं दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know