बलरामपुर- जनपद के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से विकास खंड स्तर पर सुरक्षा जवान एवं सुपरवाइजर पदों के लिए पंजीकरण एवं भर्ती शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन अधिकारी द्वारा बताया गया है कि एसआईएस (SIS) इंडिया लिमिटेड के तत्वावधान में जनपद के समस्त विकास खंडों में 07 सितंबर से 28 सितंबर 2026 के मध्य निर्धारित तिथियों पर भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे।
भर्ती अभियान के तहत सुरक्षा जवान के 1400 पद तथा सुपरवाइजर के 100 पद सहित कुल 1500 पदों पर पात्र युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा। विकास खंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाने से अभ्यर्थियों को अपने नजदीकी क्षेत्र में ही भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की सुविधा प्राप्त होगी।
*शैक्षिक योग्यता, आयु एवं शारीरिक मापदंड*
सुरक्षा जवान एवं सुपरवाइजर पदों के लिए अभ्यर्थी का हाईस्कूल अथवा इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना आवश्यक है। अभ्यर्थी की आयु 19 वर्ष से 40 वर्ष के मध्य तथा न्यूनतम लंबाई 167.5 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। भर्ती शिविर में शामिल होने वाले अभ्यर्थी अपने साथ शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड एवं पासपोर्ट साइज फोटो अवश्य लाएं।
सुरक्षा जवान पद के लिए ₹15,000 से ₹30,000 प्रतिमाह तथा सुपरवाइजर पद के लिए ₹18,000 से ₹30,000 प्रतिमाह तक वेतन का अवसर उपलब्ध होगा। इसके अतिरिक्त नियमानुसार वार्षिक वेतन वृद्धि, समय-समय पर पदोन्नति, पीएफ, ग्रेच्युटी, बोनस, मेडिकल एवं इंश्योरेंस सहित अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
*07 से 28 सितंबर तक विकास खंडवार लगेंगे भर्ती शिविर*
विकास खंडवार निर्धारित* कार्यक्रम के अनुसार हर्रैया सतघरवा में 07 एवं 08 सितंबर, तुलसीपुर में 09 एवं 10 सितंबर, गैसड़ी में 11 एवं 14 सितंबर, पचपेड़वा में 15 एवं 16 सितंबर, श्रीदत्तगंज में 17 एवं 18 सितंबर, उतरौला में 19 एवं 21 सितंबर, गैड़ास बुजुर्ग में 22 एवं 23 सितंबर, रेहरा बाजार में 24 एवं 25 सितंबर तथा बलरामपुर (हरिहरगंज) में 26 एवं 28 सितंबर 2026 को संबंधित विकास खंड सभागार में भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। भर्ती का समय प्रातः 10 बजे से अपराह्न 03 बजे तक निर्धारित है।
अन्य विकास खंडों के अभ्यर्थी भी अपनी सुविधा के अनुसार नजदीकी भर्ती शिविर में प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित विकास खंड सभागार में उपस्थित होकर पंजीकरण एवं चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। पंजीकरण शुल्क ₹350 निर्धारित है।
चयनित युवाओं को प्रशिक्षण के बाद मिलेगा रोजगार का अवसर
चयनित अभ्यर्थियों को रीजनल ट्रेनिंग सेंटर, लखनऊ में एक माह का आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने के उपरांत अभ्यर्थियों को योग्यता एवं आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न संस्थानों एवं प्रतिष्ठानों में तैनाती का अवसर प्रदान किया जाएगा।
जिला सेवायोजन कार्यालय ने जनपद के रोजगार की तलाश कर रहे पात्र युवाओं से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा निर्धारित तिथियों पर नजदीकी विकास खंड में आयोजित भर्ती शिविर में प्रतिभाग करने की अपील की है।
भर्ती एवं पंजीकरण संबंधी अधिक जानकारी के लिए भर्ती अधिकारी शिवानंद गुप्ता, मोबाइल नंबर–7380978042 पर संपर्क किया जा सकता है।

                  हिन्दी संवाद न्यूज से
                    रिपोर्टर वी. संघर्ष
                       बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने