केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री एवं उ0प्र0 के मुख्यमंत्री ने इण्डिया एक्सपो सेण्टर एण्ड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में उ0प्र0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो के चतुर्थ संस्करण का शुभारम्भ किया
पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी की जयन्ती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी
‘एक जनपद-एक व्यंजन’ योजना के पोर्टल का शुभारम्भ किया
उ0प्र0 भयमुक्त होकर निवेश का केन्द्र और देश के विकास का इंजन बन रहा, डबल इंजन सरकार के कारण आए इस परिवर्तन से उ0प्र0 एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य तय कर सकता : केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री
विगत 12 वर्षों में केन्द्र और राज्य सरकारों ने मिलकर मेक इन इण्डिया के रास्ते पर चलते हुए भारत को विश्वभर में उत्पादन, डिजाइन और नवाचार का केन्द्र बनाने का कार्य किया
योगी सरकार बनने के बाद कानून-व्यवस्था में सुधार, प्रभावी औद्योगिक नीति, उद्यमियों की समस्याओं के समाधान और निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण का परिणाम उ0प्र0 को मिला, इससे प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित हुए
उद्योग के लिए अच्छे वातावरण का अर्थ बेहतर कानून-व्यवस्था, अनुकूल औद्योगिक नीति, प्रोएक्टिव सरकार और निवेशकों को सुविधा प्रदान करने की इच्छाशक्ति, आज यह चारों चीजें उ0प्र0 में मौजूद, इसलिए यहां निवेश का माहौल बना
प्रदेश सरकार ने डिफेंस कॉरिडोर को इंफ्रास्ट्रक्चर से जोड़ने और अनुकूल नीतियां बनाने के लिए व्यापक कार्य किया
ओ0डी0ओ0पी0 से छोटे उद्यमियों और स्मॉल स्केल इण्डस्ट्री में बड़ी वृद्धि हुई उ0प्र0 के आर्थिक विकास की धुरी बन गयी
एक समय उ0प्र0 के युवा रोजगार के लिए देश के दूसरे राज्यों में जाते, लेकिन आज ओ0डी0ओ0पी0 के कारण उन्हें अपने ही प्रदेश में रोजगार और उद्यम के अवसर मिल रहे
उ0प्र0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश में विगत चार वर्षों के दौरान निर्मित हो रहे प्रत्येक उत्पाद को एक प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने और उसकी शोकेसिंग का बेहतरीन केन्द्र बना : मुख्यमंत्री
इस वर्ष 90 देशों के 600 से अधिक बायर्स और लगभग डेढ़ लाख बी2बी विजिटर्स इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे, बढ़ता हुआ फुटफॉल प्रधानमंत्री जी के यशस्वी मार्गदर्शन में देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य के प्रति ग्लोबल ट्रस्ट का प्रतीक
यू0पी0आई0टी0एस0 इसी ट्रांसफॉर्मेशन को प्रदर्शित करने वाला बड़ा मंच बन गया, जहां उ0प्र0की लोकल ताकत ग्लोबल मार्केट के सामने अपनी पहचान बना रही
यू0पी0आई0टी0एस0 का चतुर्थ संस्करण उ0प्र0 की ग्रोथ स्टोरी, मैन्युफैक्चरिंग पावर और युवाओं के इनोवेशन को प्लेटफॉर्म प्रदान करने के लिए आयोजित किया गया
यू0पी0आई0टी0एस0 में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस जैसे देश पार्टनर कण्ट्री के रूप में जुड़े, विभिन्न सेक्टरों के 2,400 से अधिक स्टॉल आयोजन का प्रमुख आकर्षण
आज उ0प्र0 न केवल एम0एस0एम0ई0 क्षेत्र में बल्कि मैन्युफैक्चरिंग के नए हब के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा, दो लाख करोड़ रु0 से अधिक का निर्यात दुनिया के विभिन्न देशों को कर रहा
जो अपनी जड़ों से जुड़कर दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर चलता, दुनिया उसे फॉलो करती, यू0पी0आई0टी0एस0 इसका प्रतीक बनकर सामने आया
प्रदेश के ट्रांसफॉर्मेशन को गति देने के लिए ग्लोबल स्टैण्डर्ड का इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित किया गया
ओ0डी0ओ0पी0 योजना पारम्परिक शिल्पकारों, बुनकरों और कारीगरों के हुनर को सीधे वैश्विक बाजार से जोड़ रही
पी0एम0 विश्वकर्मा और विश्वकर्मा श्रम सम्मान जैसी पहलों के माध्यम से कारीगरों को स्किल, टूलकिट, क्रेडिट, ब्राण्डिंग और मार्केट से जोड़ने का प्रयास किया गया
लखनऊ : 25 सितम्बर, 2026
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज इण्डिया एक्सपो सेण्टर एण्ड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश इण्टरनेशनल ट्रेड शो (यू0पी0आई0टी0एस0) के चतुर्थ संस्करण का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में उन्होंने पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी की जयन्ती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके पूर्व, केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी ने ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ योजना (ओ0डी0ओ0सी0) के पोर्टल का शुभारम्भ तथा इण्टरनेशनल ट्रेड शो का अवलोकन किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी ने कहा कि आज 25 सितम्बर का दिन स्वयं में विशेष है। श्रद्धेय पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी की 110वीं जयंती के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम और 25 सितम्बर एक प्रकार से मणिक-कंचन योग है। दीनदयाल उपाध्याय जी ऐसे नेता थे, जिन्होंने आजादी के बाद पहली बार मुक्त व्यापार और मुक्त खेती पर आधारित आर्थिक नीति की अवधारणा देश के सामने रखने का कार्य किया। यही आर्थिक नीति आगे चलकर पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय स्व0 अटल बिहारी वाजपेयी जी और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत के विकास का आधार बनी। उन्होंने संगठन आधारित राजनीति की नींव रखी। श्री शाह ने कहा कि उनके जैसे अनेक कार्यकर्ताओं के लिए पं0 दीनदयाल जी का जीवन केवल प्रेरणा का स्रोत नहीं, बल्कि अनुकरणीय पथ भी है।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री जी ने कहा कि 25 सितम्बर 2026 का एक और विशेष महत्व है। 12 वर्ष पूर्व इसी दिन प्रधानमंत्री जी ने मेक इन इण्डिया मिशन की घोषणा की थी। आज का यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो मेक इन इण्डिया के मार्ग को प्रशस्त करने वाला आयोजन है। पिछले 12 वर्षों में केन्द्र और राज्य सरकारों ने मिलकर मेक इन इण्डिया के रास्ते पर चलते हुए भारत को विश्वभर में उत्पादन, डिजाइन और नवाचार का केन्द्र बनाने का कार्य किया है। 12 वर्ष पूर्व भारत को अर्थतन्त्र की दृष्टि से फ्रेजाइल फाइव में गिना जाता था, जबकि आज भारत विश्व की टॉप फाइव अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। यह प्रधानमंत्री मोदी जी की मेक इन इण्डिया नीति का परिणाम है।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री जी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश भयमुक्त होकर निवेश का केन्द्र और देश के विकास का इंजन बन रहा है। यह परिवर्तन डबल इंजन सरकार के कारण आया है। इसी परिवर्तन के कारण उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य तय कर सकता है। वर्ष 2013 में उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश के लिए एक कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी। उस समय लखनऊ में कानून-व्यवस्था की स्थिति के कारण निवेशकों के आने को लेकर अधिकारियों ने दिल्ली में कार्यक्रम आयोजित किया था।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री जी ने कहा कि आज यू0पी0आई0टी0एस0 में देश-दुनिया से सैकड़ों व्यापारी उत्पादों के क्रय-विक्रय के लिए उपस्थित हैं। अनेक व्यापारिक समझौते होने वाले हैं और दुनिया भर से आए खरीदार यहां मौजूद हैं। इससे उत्तर प्रदेश में निवेश, उत्पादन और बिक्री तीनों क्षेत्रों में बड़ी बढ़ोतरी होने की सम्भावना है। यू0पी0आई0टी0एस0 का यह चौथा संस्करण है। पहले संस्करण के शुभारम्भ में राष्ट्रपति जी, दूसरे में उपराष्ट्रपति जी और तीसरे संस्करण में प्रधानमंत्री जी उपस्थित हुए थे। आज उन्हें इसके उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला है। पहले संस्करण तक दुनिया ने उत्तर प्रदेश में हुए परिवर्तन को पहचाना, दूसरे में उत्तर प्रदेश आने की इच्छा जताई, तीसरे में यहां आए और चौथे संस्करण में उत्तर प्रदेश के विकास में सहयोगी बनकर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2025 का यू0पी0आई0टी0एस0 प्रभाव का वर्ष बना था। इसमें 05 लाख से अधिक लोग आए, 2,400 से अधिक एम0ओ0यू0 हुए तथा हजारों करोड़ रुपये के निवेश और व्यापार समझौते हुए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यू0पी0आई0टी0एस0-2026 पिछले सभी रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने में सफल होगा।
उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है। इसकी आबादी 24 करोड़ से अधिक है। यहां विपुल जल सम्पदा, भूमि, मेहनती कारीगर और अब उद्योग के लिए अनुकूल वातावरण भी उपलब्ध है। उद्योग के लिए अच्छे वातावरण का अर्थ है बेहतर कानून-व्यवस्था, अनुकूल औद्योगिक नीति, प्रोएक्टिव सरकार और निवेशकों को सुविधा प्रदान करने की इच्छाशक्ति। आज यह चारों चीजें उत्तर प्रदेश में मौजूद हैं, इसलिए यहां निवेश का माहौल बना है।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने राजनीतिक स्थिरता को अपना हॉलमार्क बनाया है। लगातार तीन कार्यकाल में जनता का विश्वास अर्जित कर उन्होंने नीतियों का निर्माण किया और उन्हें सातत्यपूर्ण तरीके से जमीन तक पहुंचाया। अनुभव के आधार पर नीतियों में आवश्यक परिवर्तन करने और नई नीतियां बनाने में भी प्रधानमंत्री जी ने तत्परता दिखाई है। इसके परिणामस्वरूप भारत को पूरे विश्व में आकर्षक उत्पादन केन्द्र बनाने का कार्य हुआ है।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री जी ने कहा कि कुछ लोग भारत की जी0डी0पी0 के आंकड़ों पर सवाल उठाने का प्रयास करते हैं, लेकिन मूडीज ने भारत की विकास दर का अनुमान 06 प्रतिशत से बढ़ाकर 07 प्रतिशत किया है। जापान की प्रमुख रेटिंग एजेंसी जेसीआर ने भारत की सॉवरेन रेटिंग को बीबीबी$ से अपग्रेड कर ए- तक पहुंचाया है। पिछली तिमाही में भारत ने 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है। दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था भारत है। दुनिया भर में उथल-पुथल और अशांति के बीच अनेक चुनौतियों के बावजूद भारत ने अपनी विकास दर को बनाए रखा है और आगे भी बढ़ाया है।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2047 में भारत को प्रत्येक क्षेत्र में विश्व में अग्रणी बनाने का प्रधानमंत्री जी ने देश की जनता के सामने संकल्प रखा है। उस संकल्प को सिद्ध किया जाएगा। वर्ष 2015 की तुलना में भारत के इलेक्ट्रॉनिक निर्यात में 11 गुना वृद्धि हुई है। जुलाई माह में 2.11 लाख करोड़ रुपये का जी0एस0टी0 संग्रह हुआ, जो जुलाई महीने में अब तक का सर्वाधिक संग्रह है। 06 राज्यों में 12 सेमीकण्डक्टर परियोजनाओं में 1.64 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हो रहा है। कैपिटल एक्सपेण्डिचर 12.2 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया है। यह आंकड़े भारत के विकास की मजबूत नींव के परिचायक हैं। भारत ने मॉरीशस, यू0ए0ई0, ऑस्ट्रिया, यूरोपीय देशों के समूह, ब्रिटेन, ओमान, न्यूजीलैंड और यूरोपीय संघ के साथ एफ0टी0ए0 किए हैं। इन समझौतों ने भारतीय उद्यमियों की निर्यात सम्भावनाओं को अनेक गुना बढ़ाया है।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री जी ने कहा कि झांसी, चित्रकूट, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़ और कानपुर में डिफेंस कॉरिडोर के नोड्स हैं। इन सभी स्थानों पर रक्षा उपकरणों के विनिर्माण के लिए निवेश आ रहा है। देश का रक्षा उत्पादन लगभग 1.78 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया है। वर्ष 2013-14 की तुलना में रक्षा उत्पादों के निर्यात में 56 गुना वृद्धि हुई है और आज भारत के रक्षा उत्पाद 80 देशों को निर्यात किए जा रहे हैं। इसमें उत्तर प्रदेश का महत्वपूर्ण योगदान है। प्रदेश सरकार ने डिफेंस कॉरिडोर को इंफ्रास्ट्रक्चर से जोड़ने और अनुकूल नीतियां बनाने के लिए व्यापक कार्य किया है।
उत्तर प्रदेश में बने ब्रह्मोस मिसाइल पाकिस्तान की नींद उड़ा रहे हैं और अमेठी में निर्मित ए0के0-203 असॉल्ट राइफल नक्सलवादियों और आतंकवादियों के खिलाफ उपयोगी सिद्ध हो रही है। एक समय यहां अपराध, कट्टे और अवैध तमंचों की इण्डस्ट्री चलती थी, वाहन चोरी का कुटीर उद्योग था और चेन स्नेचिंग में युवाओं को हुनर मिलता था। आज कट्टा उद्योग की जगह डिफेंस कॉरिडोर, वाहन चोरी की जगह वाहन मैन्युफैक्चरिंग और चेन स्नेचिंग की जगह मेडिकल डिवाइस पार्क ने ले ली है। यह उत्तर प्रदेश में आए बड़े परिवर्तन का उदाहरण है।
जिस उत्तर प्रदेश में लखनऊ में इन्वेस्टमेण्ट समिट आयोजित करने का साहस नहीं था, वही उत्तर प्रदेश आज निवेश आकर्षित करने का प्रमुख केन्द्र बन गया है। यह परिवर्तन डबल इंजन की सरकार के कारण आया है। योगी सरकार बनने के बाद कानून-व्यवस्था में सुधार, प्रभावी औद्योगिक नीति, उद्यमियों की समस्याओं के समाधान और निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण का परिणाम उत्तर प्रदेश को मिला है। इससे प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री जी ने नोएडा एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे और अन्य इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे उत्तर प्रदेश में निवेश का अनुकूल वातावरण बना है जिससे प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज उत्तर प्रदेश के सात शहरों में मेट्रो का संचालन हो रहा है, जो देश के किसी भी राज्य में सर्वाधिक है। उत्तर प्रदेश सबसे बड़ा राज्य और सबसे बड़ी आबादी वाला राज्य है। ऐसे राज्य में रोजगार का विषय स्वाभाविक रूप से महत्वपूर्ण है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ योजना के माध्यम से परम्परागत विधाओं और उद्योगों को मजबूत करने का कार्य हुआ है। आज ओ0डी0ओ0पी0 के कारण छोटे उद्यमियों और स्मॉल स्केल इण्डस्ट्री में बड़ी वृद्धि हुई है। यह वृद्धि उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास की धुरी बन गयी है। एक समय उत्तर प्रदेश के युवा रोजगार के लिए देश के दूसरे राज्यों में जाते थे, लेकिन आज ओ0डी0ओ0पी0 के कारण उन्हें अपने ही प्रदेश में रोजगार और उद्यम के अवसर मिल रहे हैं।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री जी ने भदोही की दरी, मुरादाबाद के पीतल और ओ0डी0ओ0सी0 के माध्यम से वाराणसी की मलाईयों, तिरंगा बर्फी, आगरा के पेठे, मथुरा के पेड़े और मेरठ की गजक जैसे स्थानीय उत्पादों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन उत्पादों को कश्मीर से कन्याकुमारी और द्वारका से कामाख्या तक उपलब्ध कराने में यू0पी0आई0टी0एस0 जैसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश इण्टरनेशनल ट्रेड शो का यह चतुर्थ संस्करण उत्तर प्रदेश में पिछले चार वर्षों के दौरान निर्मित हो रहे प्रत्येक उत्पाद को एक प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने और उसकी शोकेसिंग का बेहतरीन केन्द्र बन चुका है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट तथा वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुज़ीन के रूप में प्रदेश की विशिष्ट पहचान को दुनिया के सामने रखने वाले इस आयोजन के प्रेरक एवं प्रेरणास्रोत केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री जी हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में सरकार बनने से पूर्व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में श्री अमित शाह जी ने उत्तर प्रदेश के लोक कल्याण संकल्प पत्र के निर्माण के समय विशेष रूप से उल्लेख किया था कि उत्तर प्रदेश की ताकत उसकी परम्परागत उद्यमिता में है। जिस दिन उत्तर प्रदेश अपनी इस ताकत को पहचान लेगा, उस दिन प्रदेश को मैन्युफैक्चरिंग के नए हब के रूप में आगे बढ़ने से कोई रोक नहीं पाएगा। सरकार बनने के बाद ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ योजना के रूप में परम्परागत उद्यम को ब्राण्ड दिया गया। आज उत्तर प्रदेश न केवल एम0एस0एम0ई0 क्षेत्र में बल्कि मैन्युफैक्चरिंग के नए हब के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है और दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात दुनिया के विभिन्न देशों को कर रहा है।
विगत वर्ष 72 देशों के 550 बायर्स यू0पी0आई0टी0एस0 का हिस्सा बने थे, जबकि इस वर्ष 90 देशों के 600 से अधिक बायर्स और लगभग डेढ़ लाख बी2बी विजिटर्स इस आयोजन का हिस्सा बनने वाले हैं। बढ़ता हुआ फुटफॉल प्रधानमंत्री जी के यशस्वी मार्गदर्शन में देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य के प्रति ग्लोबल ट्रस्ट का प्रतीक है। यह हमारे कारीगरों के हुनर, युवाओं के इनोवेशन, एम0एस0एम0ई0 सेक्टर और अन्नदाता किसान की मेहनत को नई पहचान देने की पहल है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जो अपनी जड़ों से जुड़कर दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर चलता है, दुनिया उसे फॉलो करती है। यू0पी0आई0टी0एस0 इसका प्रतीक बनकर सामने आया है। यह आयोजन ट्रेडिशन और टेक्नोलॉजी, हेरिटेज और इनोवेशन तथा हुनर और मार्केट की संयुक्त शक्ति को देखने और समझने का अवसर प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यू0पी0आई0टी0एस0 में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस जैसे देश पार्टनर कण्ट्री के रूप में जुड़े हैं और इनके विशेष पवेलियन द्विपक्षीय व्यापारिक प्रतिबद्धताओं को नई ऊंचाई दे रहे हैं। इस आयोजन के माध्यम से स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर और ज्वाइन्ट वेंचर की नींव रखने का अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया के अनेक बड़े देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किए हैं। उत्तर प्रदेश इन समझौतों का लाभ उठाकर अन्तरराष्ट्रीय कम्पनियों को भारत में आमंत्रित करने और यहीं से वैश्विक निर्यात करने का सुलभ मार्ग उपलब्ध करा रहा है। दुनिया के अनेक देशों से आए इण्टरनेशनल बायर्स की उपस्थिति इस बात का संकेत है कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के उत्पादों की गुणवत्ता, प्रदेश की सप्लाई चेन की मजबूती और उद्यमियों की क्रेडिबिलिटी पर पूरी दुनिया का भरोसा बढ़ा है।
36,000 वर्ग मीटर के इस एक्सपो सेन्टर में 2,400 से अधिक एग्जिबिटर्स हिस्सा ले रहे हैं। यह आयोजन नए भारत और नए उत्तर प्रदेश के सामर्थ्य को प्रदर्शित कर रहा है, जिसने पिछले वर्षों में अपनी पहचान की नई परिभाषा लिखी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारत कभी दुनिया में सोने की चिड़िया के रूप में जाना जाता था, लेकिन गुलामी के एक कालखण्ड में कारीगरों, हस्तशिल्पियों और बुनकरों के हुनर को हतोत्साहित किया गया। स्वतंत्रता के बाद भी लम्बे समय तक इन कारीगरों को आवश्यक संसाधन, सही दिशा, समर्थन, बाजार और प्लेटफॉर्म नहीं मिला। जब कारीगर की आजीविका कमजोर होती है तो उसकी अगली पीढ़ी अपने हुनर को सुरक्षित भविष्य नहीं मानती और परंपराएं अपनी अगली पीढ़ी खोने लगती हैं।
उत्तर प्रदेश में क्षमता की कभी कमी नहीं थी। आवश्यकता उस क्षमता को पहचानने, सही ईकोसिस्टम देने और उसे स्केल तक ले जाने की थी। प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने जनपदों, गांवों और स्थानीय क्लस्टरों में मौजूद प्रतिभा एवं हुनर को पहचानकर उसे आगे बढ़ने का अवसर दिया है। टैलेंट और ट्रेडिशन को टेक्नोलॉजी से जोड़ा गया है। सरकार को फैसिलिटेटर बनाया गया। क्वालिटी, डिजाइन, पैकेजिंग, सर्टिफिकेशन, ब्रांडिंग और मार्केटिंग के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को एंटरप्राइज में विकसित करने का कार्य किया गया।
प्रदेश के ट्रांसफॉर्मेशन को गति देने के लिए ग्लोबल स्टैण्डर्ड का इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित किया गया। एक्सप्रेस-वे, हाई-वे, एयरपोर्ट, फ्रेट कॉरिडोर और इण्डस्ट्रियल इन्फ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से कनेक्टिविटी को आर्थिक अवसर और विकास के मल्टीप्लायर के रूप में विकसित किया गया। निवेश, उत्पादन और ग्लोबल मार्केट से जोड़कर ऐसी वैल्यू चेन तैयार की गई, जिसने स्थानीय हुनर को वैश्विक बिजनेस में बदलने का रास्ता खोला। यू0पी0आई0टी0एस0 इसी ट्रांसफॉर्मेशन को प्रदर्शित करने वाला बड़ा मंच बन गया है, जहां उत्तर प्रदेश की लोकल ताकत ग्लोबल मार्केट के सामने अपनी पहचान बना रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ओ0डी0ओ0पी0 योजना पारम्परिक शिल्पकारों, बुनकरों और कारीगरों के हुनर को सीधे वैश्विक बाजार से जोड़ रही है। पी0एम0 विश्वकर्मा और विश्वकर्मा श्रम सम्मान जैसी पहलों के माध्यम से कारीगरों को स्किल, टूलकिट, क्रेडिट, ब्राण्डिंग और मार्केट से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
आज उत्तर प्रदेश में एम0एस0एम0ई0 क्षेत्र के 81 उत्पादों को जी0आई0 टैग प्राप्त है और 75 नए उत्पादों के लिए आवेदन किया गया है। भदोही के उत्कृष्ट कालीन, मुरादाबाद का पीतल, कन्नौज का इत्र और वाराणसी की विश्व प्रसिद्ध सिल्क साड़ियां आज करोड़ों रुपये के टर्नओवर वाले ब्रांड में परिवर्तित हो चुकी हैं। यू0पी0आई0टी0एस0 का मंच इन हस्तशिल्पियों को सीधे ग्लोबल बायर्स से जोड़कर बिचौलियों की व्यवस्था को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
यू0पी0आई0टी0एस0 का यह चतुर्थ संस्करण उत्तर प्रदेश की ग्रोथ स्टोरी, मैन्युफैक्चरिंग पावर और युवाओं के इनोवेशन को प्लेटफॉर्म प्रदान करने के लिए आयोजित किया गया है। उन्होंने जापान, रूस, वियतनाम, ऑस्ट्रिया और बेलारूस सहित सभी पार्टनर कंट्रीज के राजदूतों, हाई कमिश्नर्स और ट्रेड कमिश्नर्स का आभार व्यक्त किया।
उत्तर प्रदेश के एम0एस0एम0ई0 मंत्री श्री भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री जी का इस कार्यक्रम में उपस्थित होना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री जी के प्रेरणा एवं कुशल मार्गदर्शन में यू0पी0आई0टी0एस0 आज ब्राण्ड यूपी की पहचान बन चुका है।
प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में पिछले तीन ट्रेड शो की सफलता के बाद यू0पी0आई0टी0एस0 का चौथा संस्करण 25 से 29 सितम्बर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। देश-विदेश के खरीदारों की रुचि के कारण इस वर्ष का आयोजन पहले से अधिक भव्य स्वरूप में किया गया है। रक्षा, कृषि, उद्योग, ई-कॉमर्स, आई0टी0, शिक्षा, चिकित्सा, बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं, डेयरी, हैण्डलूम, टेक्सटाइल तथा यूपीसीडा, यूपीडा, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जी0आई0 उत्पादों से जुड़े विभिन्न सेक्टरों के 2,400 से अधिक स्टॉल आयोजन का प्रमुख आकर्षण हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शित लघु फिल्म में उत्तर प्रदेश की औद्योगिक एवं सांस्कृतिक क्षमता, एक्सप्रेसवे, नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट, सेमीकण्डक्टर ईकोसिस्टम, मेडिकल कॉलेज, औद्योगिक इकाइयों, निवेश, एम0एस0एम0ई0, ओ0डी0ओ0पी0, स्टार्टअप, ए0आई0, रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, सेमीकण्डक्टर, मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग आदि क्षेत्रों में प्रदेश की प्रगति को प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक, औद्योगिक विकास एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री श्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, एम0एस0एम0ई0 राज्य मंत्री श्री हंसराज विश्वकर्मा, लोक निर्माण राज्य मंत्री श्री बृजेश सिंह, सांसद डॉ0 महेश शर्मा, विधान परिषद सदस्य श्री श्रीचन्द शर्मा, श्री नरेन्द्र भाटी, श्री सुरेन्द्र नागर, विधायक श्री पंकज सिंह, विधायक श्री धीरेन्द्र सिंह, श्री तेजपाल नागर, जापान के राजदूत श्री ओनो केईची, भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त श्री साइमन वोंग तथा बेलारूस के राजदूत श्री मिखायल कास्को सहित विभिन्न देशों के राजनयिक प्रतिनिधि, बायर्स तथा सेलर्स सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
---------
%20(1).jpeg)
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know