दो-दिवसीय साँस्कृतिक समारोह ‘अभ्युत्थानम्’ का सी.एम.एस. में भव्य समापन

तकनीक, कला, साहित्य एवं संस्कृति के विविध रंगों में निखरी छात्रों की बहुमुखी प्रतिभा

लखनऊ, 7 अगस्त। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर प्रथम कैम्पस के तत्वावधान में आयोजित दो-दिवसीय अन्तर-विद्यालयी सांस्कृतिक समारोह ‘अभ्युत्थानम’ आज पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह के साथ सम्पन्न हुआ। सी.एम.एस. गोमती नगर प्रथम कैम्पस आॅडिटोरियम में आयोजित ‘समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह’ में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजयी छात्रों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस दो-दिवसीय साँस्कृतिक समारोह के अन्तर्गत प्रतिभागी छात्रों ने माॅडल जी-20 काॅन्फ्रेन्स, अर्थशास्त्र, न्यूजलेटर मेकिंग, क्विज, क्रिकेट आॅक्शन, नुक्कड़ नाटक, पेन्टिंग, नृत्य, कला दरबार, म्यूजिक बैण्ड एवं कविता पाठ जैसी दिलचस्प प्रतियोगिताओं में अपनी बौद्धिक, रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इन प्रतियोगिताओं ने भावी पीढ़ी को अपनी बहुमुखी प्रतिभा एवं सृजनात्मकता प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, परम्पराओं एवं जीवन मूल्यों से जुड़ने का अभूतपूर्व अवसर प्रदान किया।

समारोह के दूसरे दिन आज प्रतियोगिताओं का सिलसिला ‘कला दरबार (इकोबोर्ड चैलेन्ज)’ से प्रारम्भ हुआ, जिसमें प्रतिभागी छात्रों ने अपनी सृजनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का प्रभावशाली संदेश दिया। ‘द फ्यूचर इन नाॅट ए डेस्टिनेशन - इट इज ए ब्रिज वी बिल्ड टुगेदर, वन सस्टेनबल  च्वाइस एट ए टाइम’ थीम पर आधारित इस प्रतियोगिता में छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबन्धन एवं जैव-विविधता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचारों को अनुपयोगी हो चुकी सामग्रियों का रचनात्मक उपयोग करते हुए बड़ी ही खूबसूरती से प्रस्तुत किया। ‘राग राॅक’ (म्यूजिक बैण्ड) प्रतियोगिता समारोह के प्रमुख आकर्षणों में रही, जिसमें प्रतिभागी छात्रों ने राॅक शैली में भारतीय शास्त्रीय संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं ‘काव्य कुम्भ’ (कविता पाठ) में छात्रों ने हिन्दी, अवधी एवं ब्रज भाषाओं में भावपूर्ण कविता पाठ कर अपनी साहित्यिक प्रतिभा का परिचय दिया और खूब वाहवाही बटोरी। इस साँस्कृतिक समारोह में हार्नर कालेज, लामार्टिनियर कालेज, जी डी गोयनका स्कूल, गुरूकुल एकेडमी, स्कालर्स होम एवं मार्डन एकेडमी एवं सी.एम.एस. के विभिन्न कैम्पसों समेत 18 विद्यालयों के 250 से अधिक छात्रों ने बड़े उत्साह से प्रतिभाग किया।

‘अभ्युथानम्’ के पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह में प्रतिभागी छात्रों व शिक्षकों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए संयोजिका एवं सी.एम.एस. गोमती नगर प्रथम कैम्पस की प्रधानाचार्या श्रीमती सोमा चन्द्रा ने कहा कि यह सांस्कृतिक समारोह युवा पीढ़ी को भारत की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली सभ्यता एवं प्रेरणादायी अतीत से परिचित कराने के साथ ही उनमें टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता, सृजनात्मकता, तार्किक सोच एवं आत्मविश्वास का विकास करने में सफल साबित हुआ है। 


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने