बलरामपुर- जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण अभियान के तहत रोपित पौधों की देखभाल एवं सुरक्षा तथा सुआव नदी के पुनर्जीवन से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा रोपित पौधों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को अपने-अपने विभाग द्वारा रोपित पौधों की नियमित निगरानी, सिंचाई एवं सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पौधों की देखभाल के लिए विभागीय स्तर पर नियमित अनुश्रवण किया जाए।
जिला गंगा समिति की बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद की सुआव नदी के पुनर्जीवन हेतु किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नदी के पुनर्जीवन से संबंधित प्रस्तावित एवं संचालित कार्यों की जानकारी ली तथा कार्यों को समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्राकृतिक जलस्रोतों एवं नदियों का संरक्षण पर्यावरणीय संतुलन के साथ-साथ भूजल संरक्षण के लिए भी महत्वपूर्ण है। सुआव नदी के पुनर्जीवन के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें तथा नदी के प्राकृतिक प्रवाह एवं स्वच्छता को बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं जलस्रोतों के संवर्धन के लिए विभागीय प्रयासों के साथ जनसहभागिता को भी प्रोत्साहित किए जाने पर जोर दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभारी डीएफओ व संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जिला पर्यावरण समिति तथा जिला गंगा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know