जलालपुर (अम्बेडकर नगर)। स्थानीय कोतवाली परिसर में रविवार को शांति समिति की अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें आगामी जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी व बारवफात के मद्देनजर कानून-व्यवस्था एवं साम्प्रदायिक सद्भाव को सुदृढ़ रखने पर विस्तृत चर्चा की गई। सर्वसम्मति से सभी धर्मावलंबियों से शांतिपूर्ण ढंग से उत्सव मनाने तथा निर्धारित मार्गों एवं दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि पर्व-त्योहार आपसी प्रेम व एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने नागरिकों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में उल्लास मनाने तथा ऐसी हर गतिविधि से दूर रहने का आग्रह किया, जिससे सामाजिक ताने-बाने को ठेस पहुँचे। साथ ही, व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने की भी माँग की।
कोतवाल अजय प्रताप सिंह ने बताया कि त्योहारी सीज़न को देखते हुए पुलिस बल पूर्णतया मुस्तैद है। उन्होंने जनता से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्टों को सत्यापन के बिना साझा न करने की अपील की। कोतवाल ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रशासन ने आपसी भाईचारा बढ़ाने, अफवाहों से सावधान रहने और डिजिटल मंचों पर सतर्कता बरतने पर विशेष बल दिया। बैठक में गणमान्य नागरिकों, पुलिस अधिकारियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार उत्कर्ष सिंह, वरिष्ठ नेता संजीव मिश्र, नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि, पूर्व अध्यक्ष देवेश कुमार मिश्र, आनंद जायसवाल, सुरेंद्र सोनी, अरुण सिंह, कृष्ण गोपाल गुप्ता, आनंद मिश्र, विकास निषाद, वसी उल्लाह, जमशेद अहमद, बादशाह आलम, वसीम अख्तर, अली अहमद, सभासद मेराज आलम एवं इब्ने अली जाफरी सहित बड़ी संख्या में गण्य-मान्य नागरिक उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know