बलरामपुर - प्रदेश सरकार के निर्देशन में स्वतंत्रता, राष्ट्रभक्ति और तिरंगे के सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को नगर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का नेतृत्व प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री सतीश शर्मा ने किया। एमपीपी इंटर कॉलेज से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंची। यात्रा में जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों,विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
यात्रा के दौरान पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भारत माता की जय, वंदे मातरम् तथा देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और युवाओं ने तिरंगे के साथ यात्रा में शामिल होकर राष्ट्रप्रेम एवं एकता का संदेश दिया।
स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचने के बाद यात्रा का समारोहपूर्वक समापन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम,गीत एवं प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रभक्ति का उत्साह भर दिया। कार्यक्रम में तिरंगे के सम्मान,राष्ट्रीय एकता तथा देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों का संदेश दिया गया।
प्रभारी मंत्री सतीश शर्मा ने कहा
मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन-बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान तथा प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में ऐसे कार्यक्रम देश की युवा पीढ़ी को राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सभी लोग पूरे सम्मान के साथ तिरंगे को अपने घरों पर लगाएं और राष्ट्रहित में एकजुट होकर आगे बढ़ें।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि भारत आज विश्व पटल पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश की प्रगति में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और हमें राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.आरती तिवारी, सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’, निवर्तमान विधायक शैलेष कुमार सिंह शैलू, पूर्व अध्यक्ष प्रदीप सिंह,जिलाधिकारी डॉ.विपिन जैन,पुलिस अधीक्षक विकास कुमार,मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.मुकेश रस्तोगी,ब्लॉक प्रमुख पंकज सिंह,राकेश तिवारी,अनूप चन्द्र गुप्ता,श्याम मनोहर तिवारी,डॉ.अजय सिंह पिंकू, वंदना पासवान, आद्या सिंह पिंकी, संजय शुक्ल, डी.पी.सिंह बैस, राजाराम गौतम, ललिता तिवारी, सुनीता मिश्रा, साधना पांडेय, झूमा सिंह, सरिता शुक्ल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं नागरिक मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन से पूरे नगर में राष्ट्रभक्ति का वातावरण बना रहा और लोगों ने देश की एकता, अखंडता एवं गौरव को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया।

            हिन्दी संवाद न्यूज से
             रिपोर्टर वी. संघर्ष
               बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने