बलरामपुर- स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जनपद में विकास एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में एक और पहल के तहत फुलवरिया बाईपास चौराहे के कराए गए सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर चौराहे पर ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ की थीम पर स्थापित प्रतीकात्मक प्रतिमा का भी अनावरण किया गया।
विधायक सदर पल्टूराम, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी एवं जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण करते हुए सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया।
फुलवरिया बाईपास चौराहे को आकर्षक एवं संदेशपरक स्वरूप प्रदान करते हुए यहां ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ की अवधारणा पर आधारित प्रतिमा स्थापित की गई है। अध्ययनरत बालिका की यह प्रतीकात्मक प्रतिमा बालिका शिक्षा, ज्ञान, आत्मनिर्भरता एवं महिला सशक्तिकरण के संदेश को अभिव्यक्त करती है। प्रतिमा के माध्यम से यह संदेश दिया गया है कि बेटियों को शिक्षा एवं आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान कर सशक्त समाज और बेहतर भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।
चौराहे पर स्थापित विशाल राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा तथा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ की थीम पर आधारित प्रतिमा पूरे स्थल को आकर्षक एवं प्रेरणादायी स्वरूप प्रदान कर रही है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगे एवं आकर्षक सजावट के बीच प्रतिमा के अनावरण से कार्यक्रम में राष्ट्रप्रेम के साथ-साथ बालिका शिक्षा एवं सशक्तिकरण का संदेश भी प्रमुखता से सामने आया।
‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ की थीम पर विकसित यह स्थल लोगों बेटियों की शिक्षा और उनके सशक्तिकरण के प्रति प्रेरित करेगा।
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि जनपद के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाए जाने के साथ उन्हें प्रेरणादायी स्वरूप प्रदान करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। फुलवरिया बाईपास चौराहे का सौंदर्यीकरण इसी दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा और उनका सशक्तिकरण समाज एवं राष्ट्र की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चौराहे की सुंदरता एवं स्वच्छता को नियमित रूप से बनाए रखने तथा विकसित सुविधाओं का समुचित रखरखाव सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हुए इस लोकार्पण के साथ फुलवरिया बाईपास चौराहा अब आकर्षक स्वरूप के साथ राष्ट्रप्रेम, बालिका शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण का संदेश देने वाले प्रेरणादायी स्थल के रूप में विकसित हुआ है।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारीगण एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

              हिन्दी संवाद न्यूज से
                रिपोर्टर वी. संघर्ष
                    बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने