मुख्यमंत्री ने जनपद गोरखपुर में 70 करोड़ रु0 की लागत से निर्मित एन0एच0-24
सोनौली-नौतनवा-गोरखपुर मार्ग से निकलकर ग्रीन सिटी कॉलोनी (पटनिया होते
हुए माधोपुर बन्धे तक) 02-लेन मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण किया
सोनौली-नौतनवा-गोरखपुर मार्ग से निकलकर ग्रीन सिटी कॉलोनी (पटनिया होते
हुए माधोपुर बन्धे तक) 02-लेन मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण किया
गोरखपुर में ग्रीन सिटी कॉलोनी पटनिया होते हुए माधोपुर बन्धे
तक लगभग 02 कि0मी0 लम्बे मार्ग का लोकार्पण होने से यहां
के निवासियों के लिए आवागमन आसान व सुगम होगा : मुख्यमंत्री
आज पूरा गोरखपुर शहर बदलता हुआ दिखाई दे रहा, विकास सम्बन्धी अनेक कार्य
गोरखपुर को नई पहचान दिला रहे, गोरखपुर का हर मार्ग 04-लेन सड़क से जुड़ चुका
गोरखपुर को नई पहचान दिला रहे, गोरखपुर का हर मार्ग 04-लेन सड़क से जुड़ चुका
यह गोरखपुर शहर का अत्यन्त महत्वपूर्ण मार्ग है, इस पर सरस्वती शिशु मन्दिर
सीनियर सेकेण्डरी सहित अनेक शिक्षण-प्रशिक्षण संस्थान हैं
इस मार्ग के लोकार्पण होने से कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को सावन शिवरात्रि की बधाई दीं
लखनऊ : 11 अगस्त, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि गोरखपुर में ग्रीन सिटी कॉलोनी पटनिया होते हुए माधोपुर बन्धे तक लगभग 02 किलोमीटर लम्बे मार्ग का लोकार्पण होने से यहां के निवासियों के लिए आवागमन आसान व सुगम होगा। आज पूरा गोरखपुर शहर बदलता हुआ दिखाई दे रहा है। पहले यहां के मार्ग संकरे थे। कई जगह जल-जमाव होता था। आज विकास सम्बन्धी अनेक कार्य गोरखपुर को नई पहचान दिला रहे हैं। गोरखपुर का हर मार्ग 04-लेन सड़क से जुड़ चुका है। यहां फ्लाईओवर बन रहे हैं। यह सभी कार्य इसलिए हुए हैं, ताकि आपका जीवन आसान हो सके।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद गोरखपुर में 70 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एन0एच0-24 सोनौली-नौतनवा-गोरखपुर मार्ग से निकलकर ग्रीन सिटी कॉलोनी (पटनिया होते हुए माधोपुर बन्धे तक) 02-लेन मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बहुत पहले से लोग निवास कर रहे हैं। उन्हें आवागमन से सम्बन्धित अनेक प्रकार की कठिनाइयांं का सामना करना पड़ता था। संकरा मार्ग होने के कारण इस क्षेत्र में ट्रक, ट्रॉली, बस जैसे बड़े वाहन नहीं पाते थे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह मार्ग गोरखपुर शहर का अत्यन्त महत्वपूर्ण मार्ग है। इस मार्ग पर सरस्वती शिशु मन्दिर सीनियर सेकेण्डरी स्कूल सहित अनेक शिक्षण-प्रशिक्षण संस्थान बने हैं। यहां पर बहुत सारी सुविधाएं भी उपलब्ध करायी जा रही हैं। यहां महाराणा प्रताप पॉलिटेक्निक तथा नगर निगम के सीवेज ट्रीटमेण्ट प्लाण्ट जैसे अनेक प्रतिष्ठान स्थित हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस मार्ग के लोकार्पण होने से कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी। यह मार्ग सोनौली-नौतनवां-गोरखपुर मार्ग को डोमिनगढ़-मोधोपुर बन्धा से बसियाडीह मन्दिर एवं हाबर्ट बन्धा (वर्तमान में 04-लेन में निर्माणाधीन) होते हुए गोरखपुर-लखनऊ मार्ग को जोड़ रहा है। डोमिनगढ़ में एक फ्लाईओवर भी बनेगा। जिन्हें वाराणसी, लखनऊ, सोनौली (नेपाल), महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर की ओर जाना है, तो उन्हें अब गोरखपुर में सिटी की तरफ नहीं जाना पड़ेगा। इस मार्ग का प्रयोग कर वह अपने गन्तव्य तक जा सकते हैं। यदि लखनऊ जाना है, तो आवश्यक नहीं कि गोलघर, ट्रांसपोर्ट नगर तथा नौसढ़ होते हुए जाएं। यहीं से तटबन्ध पकड़कर सीधे डोमिनगढ़ से 04-लेन बाईपास पकड़ सकते हैं। वहां से सहजनवा व कालेसर के पास से सीधे लखनऊ जा सकते हैं। इसी प्रकार सोनौली की ओर जाने के लिए तटबन्ध से सीधे महेसरा होते हुए सोनौली मार्ग पकड़ सकते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने प्रदेशवासियों को सावन शिवरात्रि की बधाई देते हुए देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना की कि सभी के जीवन में सुख और समृद्धि आये।
इस अवसर पर मत्स्य मंत्री श्री संजय निषाद, सांसद श्री रवि किशन शुक्ल, विधान परिषद सदस्य डॉ0 धर्मेन्द्र सिंह, विधायक श्री बिपिन सिंह, श्री फतेह बहादुर सिंह, श्री महेन्द्र पाल सिंह, श्री प्रदीप शुक्ल, श्री श्रीराम चौहान, इंजी0 सरवन कुमार निषाद, गोरखपुर के महापौर डॉ0 मंगलेश कुमार श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
-------



एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know