बलरामपुर- पीएम पोषण योजना के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिए पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे रसोइयों के सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।
मुख्यमंत्री जी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में सरकार द्वारा रसोइयों का मानदेय बढ़ाने के साथ ही उन्हें कैशलेस चिकित्सा सुविधा से भी आच्छादित किया गया है। इस पहल से जनपद के कुल 4,851 रसोइयों को बढ़े हुए मानदेय एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा।
लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय मिड-डे-मील रसोइयों के सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम के क्रम में जनपद बलरामपुर में एमएलके पीजी कॉलेज में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक बलरामपुर पल्टूराम एवं जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया तथा उनका संबोधन सुना गया।
पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों के योगदान को सम्मान देते हुए उनका मानदेय ₹2,000 प्रतिमाह से बढ़ाकर ₹3,000 प्रतिमाह कर दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करते हुए ₹2 लाख तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जनपद में कार्यरत 4,851 रसोइयों को इन दोनों सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा, जिससे उनकी आर्थिक एवं स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में माननीय विधायक बलरामपुर सदर श्री पल्टूराम एवं जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा रसोइयों को बढ़े हुए मानदेय का प्रतीकात्मक चेक एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विधायक पल्टूराम ने रसोइयों को बधाई देते हुए कहा कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को प्रतिदिन पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनका योगदान बच्चों के बेहतर पोषण के साथ विद्यालयों की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में भी अहम है। उन्होंने कहा कि मानदेय में वृद्धि और कैशलेस चिकित्सा सुविधा रसोइयों के परिश्रम के सम्मान के साथ उनकी सामाजिक एवं स्वास्थ्य सुरक्षा को और मजबूत करेगी।
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने रसोइयों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पीएम पोषण योजना के प्रभावी संचालन में रसोइयों की महत्वपूर्ण भागीदारी है। बढ़े हुए मानदेय एवं चिकित्सा सुविधा से उन्हें आर्थिक संबल मिलने के साथ स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी पात्र रसोइयों तक इन सुविधाओं का लाभ सुगमता से पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान रसोइयों में विशेष उत्साह देखने को मिला। मानदेय वृद्धि के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा की सुविधा मिलने से उनके कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा को नया संबल मिला है।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक पाठक, नगर पालिका बलरामपुर के प्रतिनिधि श्री डी.पी. सिंह, माननीय जनप्रतिनिधिगण सहित अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं रसोइये उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know