आईसीएआर-केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान द्वारा ट्रेसप के अंतर्गत 11–13 अगस्त 2026 को तीन दिवसीय प्रशिक्षण-सह-अंतरराज्यीय एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पश्चिम त्रिपुरा के पांच विकासखंडों से 18 उत्पादक समूहों (PGs) से संबद्ध 23 पशु सखियों तथा 5 अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पशु सखियों एवं संबंधित अधिकारियों के तकनीकी ज्ञान और क्षेत्रीय कार्यक्षमता को सुदृढ़ करना तथा उन्हें वैज्ञानिक एवं व्यावसायिक बकरी पालन की उन्नत तकनीकों से परिचित कराना था।


प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को उन्नत नस्ल का चयन, प्रजनन एवं प्रबंधन, संतुलित आहार, वैज्ञानिक आवास व्यवस्था, मेमना/बच्चा प्रबंधन, रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण, जैव-सुरक्षा, अभिलेख संधारण तथा बकरी पालन के आर्थिक प्रबंधन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण में कम लागत वाली, स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल तथा आसानी से अपनाई जा सकने वाली तकनीकों पर विशेष जोर दिया गया, जिससे बकरियों की उत्पादकता बढ़ाने, मृत्यु दर कम करने तथा किसानों की आय एवं आजीविका में सुधार किया जा सके।


अंतरराज्यीय एक्सपोजर विजिट के अंतर्गत प्रतिभागियों को एक व्यावसायिक बकरी फार्म का भ्रमण भी कराया गया। इस दौरान उन्होंने वैज्ञानिक आवास, आहार एवं पोषण प्रबंधन, प्रजनन व्यवस्था, स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण, फार्म अभिलेखों तथा व्यावसायिक बकरी पालन के समग्र प्रबंधन का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। फार्म संचालक के साथ संवाद के माध्यम से प्रतिभागियों ने व्यावहारिक स्तर पर लाभकारी एवं टिकाऊ बकरी पालन के विभिन्न पहलुओं को समझा। 

इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ मनीष कुमार चेटली ने सभी महिला प्रशिक्षार्थियों को बधाई देते हुए बकरी पालकों को वैज्ञानिक विधियों की जानकारी देने का आवाहन किया। 

यह कार्यक्रम ज्ञानवर्धन, व्यावहारिक अनुभव एवं क्षमता निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। इससे पशु सखियों को वैज्ञानिक बकरी पालन की तकनीकों को अपने क्षेत्र के जनजातीय एवं ग्रामीण बकरी पालकों तक पहुँचाने तथा उनकी उत्पादकता, लाभप्रदता और आजीविका में सुधार लाने के लिए प्रभावी रूप से कार्य करने में सहायता मिलेगी। इस कार्यक्रम का सफल संचालन प्रसार शिक्षा एवं सामाजिक अर्थशास्त्र अनुभाग के प्रभारी एवं इस कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक डॉ अनुपम कृष्ण दीक्षित ने किया।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने