*मऊ में बनेगा प्रदेश का पांचवां आधुनिक नागरिक सुविधा केंद्र, मंत्री ए.के. शर्मा ने किया भूमिपूजन*
*लगभग 10 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा नागरिक सुविधा केंद्र, ‘वन डे गवर्नेंस’ से जनता को मिलेगी त्वरित सेवा : श्री ए.के. शर्मा*
*नगर पालिका की सेवाएं होंगी डिजिटल और पारदर्शी, एक ही छत के नीचे मिलेंगी 18 से अधिक सेवाएं : नगर विकास मंत्री*
*लाइब्रेरी, योग, जनसुविधा और खान-पान की सुविधाओं से युक्त होगा मऊ का आधुनिक सेवा केंद्र*
*प्रधानमंत्री मोदी जी के सुशासन मॉडल से प्रेरणा लेकर जनता की सुविधा को बनाया जा रहा प्राथमिकता : मंत्री श्री ए.के. शर्मा*
लखनऊ,16 अगस्त 2026
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने आज जनपद मऊ में नगर पालिका परिषद, मऊ में बनने वाले प्रदेश के पांचवें आधुनिक नागरिक सुविधा केंद्र का भूमिपूजन किया। लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह केंद्र करीब डेढ़ वर्ष में तैयार किया जाएगा। इस अवसर पर मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने कहा कि नागरिक सुविधा केंद्र का उद्देश्य केवल भवन का निर्माण करना नहीं, बल्कि आम नागरिक को नगर पालिका की सेवाएं सरल, पारदर्शी, डिजिटल और समयबद्ध तरीके से एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अयोध्या, गाजियाबाद, गोरखपुर और लखनऊ के बाद मऊ में प्रदेश का पांचवां आधुनिक नागरिक सुविधा केंद्र बनाया जा रहा है। यह केंद्र मऊ के नागरिकों के लिए आधुनिक नगरीय सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का निरंतर प्रयास है कि शहरों में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और उन्हें अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
श्री ए.के. शर्मा ने कहा कि नागरिक सुविधा केंद्र के माध्यम से जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, हाउस टैक्स, वाटर टैक्स तथा नगर पालिका की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित कार्य एक ही स्थान पर कराए जाएंगे। केंद्र के प्रथम तल पर नागरिक सेवाओं के लिए लगभग 18 काउंटर बनाए जाएंगे। यहां विभिन्न सेवाओं से संबंधित कार्यों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र के पूर्ण रूप से तैयार होने के बाद इसे ‘वन डे गवर्नेंस’ की अवधारणा के अनुरूप विकसित किया जाएगा, ताकि नागरिकों को कम से कम समय में अधिक से अधिक सेवाएं मिल सकें।
श्री ए.के. शर्मा ने बताया कि नागरिक सुविधा केंद्र को केवल सरकारी सेवाओं तक सीमित नहीं रखा जाएगा। भवन के निचले तल पर जनसुविधा केंद्र, लाइब्रेरी, खान-पान तथा योग से जुड़ी सुविधाएं भी विकसित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि केंद्र ऐसा बनाया जाएगा, जहां नागरिक अपने सरकारी कार्यों के साथ-साथ अध्ययन, स्वास्थ्य और अन्य उपयोगी गतिविधियों के लिए भी समय बिता सकें।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के नागरिक-केंद्रित सेवा मॉडल की प्रेरणा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए किए गए सुशासन और जनसेवा के प्रयासों से मिलती है। प्रधानमंत्री जी की सोच रही है कि सरकार की योजनाओं और सेवाओं का वास्तविक लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरलता से पहुंचे। इसी भावना को उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में नगरीय सेवाओं के माध्यम से आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके राष्ट्र निर्माण एवं सुशासन के योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री विजय राजभर, पूर्व विधायक श्री उमेश पांडेय, पूर्व जिला अध्यक्ष श्रीमती नूपुर अग्रवाल, नगर पालिका परिषद के अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि, पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know