बलरामपुर- जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु, जिला व्यापार बंधु एवं जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (DLBC) की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में औद्योगिक विकास, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति तथा बैंकिंग सेवाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित व्यापारियों एवं उद्यमी बंधुओं की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि व्यापार एवं उद्योग से जुड़े लोगों को किसी प्रकार की अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े।
जिला उद्योग बंधु की बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) वित्त पोषण योजना तथा एक जनपद एक व्यंजन योजना की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभाग एवं बैंक समन्वय स्थापित करते हुए अधिक से अधिक पात्र युवाओं को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएं।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के पात्र एवं इच्छुक युवाओं की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र युवाओं को समयबद्ध रूप से ऋण एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाओं के अंतर्गत बैंक शाखाओं में लंबित ऋण आवेदन पत्रों का शीघ्र परीक्षण कर उनका समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि छोटी-मोटी औपचारिक कमियों के कारण पात्र लाभार्थियों के आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रखे जाएं। यदि किसी आवेदन में कोई कमी हो तो आवेदक को तत्काल अवगत कराते हुए उसे शीघ्र पूरा कराया जाए, जिससे योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंच सके।
जिला व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि उद्योग एवं व्यापार जनपद की आर्थिक प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं। प्रशासन व्यापारियों एवं उद्यमियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए उनके लिए सुगम एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इसके उपरांत आयोजित जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (DLBC) की बैठक में विभिन्न बैंकों द्वारा संचालित सरकारी योजनाओं, ऋण वितरण, वित्तीय समावेशन तथा अन्य बैंकिंग कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए तथा पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन, बैंक एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि स्वरोजगार, सूक्ष्म एवं लघु उद्योग, व्यापार तथा उद्यमिता को नई गति मिल सके और जनपद के अधिक से अधिक युवा आत्मनिर्भर बन सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, उद्योग विभाग के अधिकारी, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं उद्यमी बंधु उपस्थित रहे।

                 हिन्दी संवाद न्यूज से
                   रिपोर्टर वी. संघर्ष
                     बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने