मुख्यमंत्री ने मीरजापुर में विंध्य मण्डल में लोक निर्माण विभाग
द्वारा संचालित विकास परियोजनाओं तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा
प्रस्तावित नई सड़क एवं पुल परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की

जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत सभी सड़क एवं पुल निर्माण सम्बन्धी प्रस्तावों
का विस्तृत एस्टीमेट तत्काल तैयार कर शासन को उपलब्ध कराएं : मुख्यमंत्री

15 जुलाई, 2026 तक इन सभी परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान करें,
आगामी 15 अगस्त तक निर्माण कार्यों के लिए धनराशि अवमुक्त की जाए

मीरजापुर नगर की सभी प्रमुख सड़कों के साथ-साथ माँ विंध्यवासिनी
देवी मंदिर, अष्टभुजा मंदिर एवं कालीखोह मंदिर को जोड़ने वाले
सभी मार्गों को स्मार्ट रोड की तर्ज पर विकसित किया जाए

सभी मार्गों की नियमित साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, आकर्षक प्रकाश
व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं का समुचित विकास सुनिश्चित करें

विंध्य धाम प्रदेश की महत्वपूर्ण आस्था स्थली, यहां श्रद्धालुओं
को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने माँ विंध्यवासिनी देवी धाम मंदिर में दर्शन-पूजन किया, विंध्य
कॉरिडोर परिसर का निरीक्षण किया तथा विंध्य ब्राण्ड के स्टॉल का अवलोकन किया


लखनऊ : 08 जुलाई, 2026

     उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद मीरजापुर में विंध्य मण्डल के जनपदों-मीरजापुर, सोनभद्र एवं भदोही में लोक निर्माण विभाग द्वारा संचालित विकास परियोजनाओं तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तावित नई सड़क एवं पुल परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत सभी सड़क एवं पुल निर्माण सम्बन्धी प्रस्तावों का विस्तृत एस्टीमेट तत्काल तैयार कर सम्बन्धित जिलाधिकारियों के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराया जाए, ताकि 15 जुलाई, 2026 तक इन सभी परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान करते हुए आगामी 15 अगस्त तक निर्माण कार्यों के लिए धनराशि अवमुक्त की जा सके।
मुख्यमंत्री जी ने सभी विधायकों से कहा कि सड़क एवं सेतु निर्माण के सम्बन्ध में अपने-अपने क्षेत्र के सांसदों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराएं, जिससे विकास कार्यों को समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाया जा सके।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा रेलवे अण्डरपास में जलभराव की समस्या उठाए जाने पर मुख्यमंत्री जी ने इसे गम्भीरता से लेते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए रेल मंत्रालय के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मीरजापुर नगर की सभी प्रमुख सड़कों के साथ-साथ माँ विंध्यवासिनी देवी मंदिर, अष्टभुजा मंदिर एवं कालीखोह मंदिर को जोड़ने वाले सभी मार्गों को स्मार्ट रोड की तर्ज पर विकसित किया जाए। सभी मार्गों की नियमित साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं का समुचित विकास सुनिश्चित किया जाए, ताकि विंध्य धाम आने वाले श्रद्धालुओं को उत्कृष्ट एवं सुखद अनुभव प्राप्त हो तथा धार्मिक पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिले।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विंध्य धाम प्रदेश की महत्वपूर्ण आस्था स्थली है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से विकास कार्यों को पूर्ण करें।
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल ने मुख्यमंत्री जी को 06 महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के निर्माण हेतु अनुरोध किया। बैठक में मीरजापुर, सोनभद्र एवं भदोही जनपदों के सभी विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत विकास प्रस्तावों की विधानसभावार समीक्षा की गई। विभिन्न विधायकों द्वारा ग्रामीण सड़क, राज्य राजमार्ग, मुख्य जिला मार्ग, अन्य जिला मार्ग, लघु एवं दीर्घ सेतु, बाईपास, हेलीपैड, सड़क सुरक्षा तथा धार्मिक महत्व के मार्गों से संबंधित अनेक परियोजनाओं के प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। मुख्यमंत्री जी ने सभी प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा करते हुए उनकी प्राथमिकता एवं उपयोगिता के आधार पर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव लोक निर्माण श्री अजय चौहान ने मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया कि विंध्य मंडल में लोक निर्माण विभाग की कुल 1,904 परियोजनाएं संचालित हैं, जिनमें से 775 परियोजनाएं पूर्ण की जा चुकी हैं। शेष परियोजनाओं पर तीव्र गति से कार्य कराया जा रहा है। 80 प्रतिशत से अधिक प्रगति वाली परियोजनाओं को 31 जुलाई, 2026 तक पूर्ण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इससे पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने माँ विंध्यवासिनी देवी धाम मंदिर में दर्शन-पूजन किया और विंध्य कॉरिडोर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने कॉरिडोर परिसर स्थित विंध्य पौध प्रसादम स्टॉल पहुंचकर श्रद्धालुओं को पौधे वितरित किए तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एन0आर0एल0एम0) की महिलाओं द्वारा बनायी गयी सामग्रियों (विंध्य ब्राण्ड) के स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री जी ने विंध्य कॉरिडोर में उपस्थित कुछ बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
इस अवसर पर प्राविधिक शिक्षा मंत्री श्री आशीष पटेल, समाज कल्याण राज्यमंत्री श्री संजीव गोंड, लोक निर्माण राज्यमंत्री श्री बृजेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
--------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने