मुख्यमंत्री ने जनपद बरेली में बरेली के विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की

अधिकारियों से जनसुनवाई पर विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश राजस्व
वाद निर्धारित समय-सीमा के बाद लम्बित न रहे, इनका क्रमवार
निस्तारण सुनिश्चित किया जाए : मुख्यमंत्री

गौशालाओं में सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जाएं, कुछ
मॉडल गौशालाएं बनायी जाएं, जिसमें कम्पोस्ट खाद व बायो गैस का निर्माण हो

पी0एम0 सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ
लेने हेतु लोगों को जागरूक और प्रेरित किया जाए

ग्राम सचिवालयों का प्रयोग इस प्रकार किया जाए कि
आमजन को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें

सड़क प्रबन्धन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत,
प्राथमिकता हो कि दुर्घटनाओं को कम से कम किया जाए

अग्निशमन व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखा जाए

सभी प्रोजेक्ट का क्रियान्वयन गुणवत्ता के साथ किया जाए

मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से स्कूल चलो अभियान में बढ़-चढ़ कर हिस्सा
लेने की अपील की, प्रोजेक्ट अलंकार के तहत किए जा रहे कार्यों
में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए

लखनऊ : 30 जून, 2026

     उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद बरेली में बरेली के विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री जी ने सभी अधिकारियों से जनसुनवाई पर विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्व वाद लम्बित होने से कानून-व्यवस्था पर विपरीत प्रभाव पड़ता है, इसीलिए राजस्व वाद निर्धारित समय-सीमा के बाद लम्बित न रहे। पहले 05 वर्ष, फिर 03 वर्ष और 01 से 03 वर्ष के लम्बित वादों का क्रमवार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने गौशालाओं में सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित किए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि पशुओं को आहार और इलाज समय पर मिलता रहे। जनपद में कुछ मॉडल गौशालाएं भी बनायी जाएं, जिसमें कम्पोस्ट खाद व बायो गैस का निर्माण किया जाए और नेचुरल फार्मिंग आदि पर भी फोकस किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन योजना के अन्तर्गत पाइप लाइन डालने हेतु की गयी रोड कटिंग को निर्धारित समय-सीमा में ठीक कराया जाए। ऐसा न किए जाने पर, सम्बन्धित की जवाबदेही तय करते हुए कार्यवाही की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने पी0एम0 सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान कहा कि लोगों को योजना का लाभ लेने हेतु जागरूक और प्रेरित किया जाए। ग्राम सचिवालयों का निर्माण आमजन की समस्याओं के निस्तारण हेतु किया गया है। इनका प्रयोग इस प्रकार किया जाए कि आमजन को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। मुख्यमंत्री जी ने कूड़े के यथाशीघ्र व बेहतर निस्तारण करने तथा मलेरिया और डेंगू से बचाव के लिए प्रभावी कदम उठाने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सड़क प्रबन्धन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए की दुर्घटनाओं को कम से कम किया जाए। अग्निशमन व्यवस्था को भी चुस्त-दुरुस्त रखा जाए। साइबर अपराधों से बचने के लिए ज्यादा से ज्यादा लोगो को जागरूक किया जाए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियां को निर्देशित किया कि प्रशासन से समन्वय बनाकर विद्युत चोरी पर रोक लगाए जाने की
दृष्टि से प्रभावी कार्यवाही की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि शासन के जो भी प्रोजेक्ट जनपद में आते हैं, उनका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। गुणवत्ता के साथ इनके कार्य किए जाएं। कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए। कमी पाए जाने पर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ जवाबदेही भी तय की जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री जी के समक्ष जिलाधिकारी द्वारा जनपद के विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि सी0एम0 डैशबोर्ड पर जनपद वर्ष 2026 में लगातार टॉप-5 में रहा है। आम जनमानस की समस्याओं के प्रभावी निस्तारण और प्रशासन को प्रभावी बनाने हेतु समस्त तहसील व विकास खण्ड कार्यालयों में जनता दर्शन की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। आगामी तीन माह में समस्त अधिकारियों को जूम लिंक के माध्यम से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे सभी अधिकारी 10 से 12 बजे के मध्य कार्यालय में उपस्थित रहकर आम जनता की समस्याओं का निस्तारण करें।
जिलाधिकारी ने आंवला क्षेत्र स्थित लीलौर झील के पौराणिक महत्व और धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से कराए जा रहे विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों तथा श्रावण मास में कांवड़ यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं हेतु कराए जाने वाले कार्यों के विषय में भी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री जी को बरेली विकास प्राधिकरण के कार्यों की जानकारी देते हुए अवगत कराया गया कि 5-एस मॉडल (सृजन, संवास, सम्पर्क, संचय व संस्कृति) के आधार पर प्राधिकरण द्वारा विकास कार्य किया जा रहा है, जिसके अन्तर्गत जनपद के विभिन्न मार्गों को 4-लेन व 6-लेन किया गया है। जनपद के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर नाथ मन्दिरों पर आधारित प्रवेश द्वारों का निर्माण कराया गया है। 269 हेक्टेयर में रामगंगा नगर आवासीय योजना विकसित की गयी है, जिससे 3631.23 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। इसी प्रकार 33,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में 86 करोड़ रुपये की लागत से रामायण वाटिका का निर्माण किया गया है, जिसमें प्रभु श्रीराम की 51 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा स्थापित की गयी है। इसके साथ ही ग्रेटर बरेली आवासीय योजना, पीलीभीत बाईपास आवासीय योजना, औद्योगिक टाउनशिप भी विकसित की जा रही है।
मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नाथ कॉरिडोर का विकास किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालुओं हेतु यात्री विश्राम गृह, वैदिक लाइब्रेरी, प्रसाद/फूल की दुकानें, ओपेन थियेटर, शौचालय, 20 फोकस वॉल आदि विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी को नगर निगम के कार्यों की जानकारी देते हुए अवगत कराया गया कि एन-कैप के माध्यम से वन वाटिकाओं का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे जनपद की वायु गुणवत्ता में सुधार आया है। ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन, एस0टी0पी0 प्लाण्ट, सी0एम0 ग्रिड योजना के अन्तर्गत सड़कों का अपडेशन और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है।
कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री जी को आई0जी0, बरेली ने अवगत कराया कि जनपद में कांवड़ लेने 90 प्रतिशत श्रद्धालु बदायूं जाते हैं। लगभग 02 करोड़ से अधिक कांवड़ियों का आवागमन जनपद में रहता है, जिसके दृष्टिगत आवश्यक सुरक्षा-व्यवस्थाएं करायी जाती हैं।  
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद में शिकायतों के निस्तारण की दिशा में बेहतर कार्य किया जा रहा है। प्रदेश की पहली महिला एस0ओ0जी0 टीम वीरांगना यूनिट की स्थापना जनपद में की गई है। इज्जतनगर में 16 बीघा जमीन पर डम्पिंग यार्ड बनाया गया है, जिससे थानों का स्क्रैप वहां चले जाने से थानों में स्थान की उपलब्धता हो गयी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मुख्यमंत्री जी को आश्वस्त किया कि जनपद में आगामी सभी त्योहारों को सकुशल सम्पन्न कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को निःक्षय मित्र योजना से जोड़े जाने के विषय में जानकारी प्राप्त की। इस सम्बन्ध में मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि जनपद में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने टी0बी0 मरीजों को निःक्षय मित्र योजना के तहत गोद लिया है।
मुख्यमंत्री जी ने बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान नये नामांकनों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से स्कूल चलो अभियान में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने प्रोजेक्ट अलंकार के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद, उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना, पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री श्री धर्मपाल सिंह, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अरुण कुमार, सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री जे0पी0एस0 राठौर, बरेली के महापौर डॉ0 उमेश गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
--------

 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने