मुख्यमंत्री ने बरेली में नगर निगम, बरेली द्वारा क्रय किए गए
60 अत्याधुनिक स्वच्छता वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया

मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस प्रांगण में बेल के पौधे का रोपण तथा
‘दीप चैरिटेबल ट्रस्ट, बरेली‘ की ‘मोबाइल नेत्र चिकित्सा सेवा वैन‘ का उद्घाटन किया

आधुनिक तकनीक से युक्त इन वाहनों के संचालन से शहर की साफ-सफाई
व्यवस्था को नई गति मिलेगी, कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण एवं
सीवर सफाई कार्यों में उल्लेखनीय सुधार होगा : मुख्यमंत्री

नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और शहर
को स्वच्छ, सुन्दर एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहायता मिलेगी

रोबोटिक मेनहोल सीवर क्लीनिंग मशीन भारत का पहला रोबोटिक स्कैवेंजर-स्वच्छ भारत मिशन और मेक इन इण्डिया के तहत बैण्डीकूट मोबिलिटी मेनहोल में
मानव प्रवेश की आवश्यकता को हमेशा के लिए समाप्त करता

लखनऊ : 30 जून, 2026

     उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज बरेली में नगर निगम, बरेली द्वारा क्रय किए गए 60 अत्याधुनिक स्वच्छता वाहनों को सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन नगर की साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, आधुनिक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर का निर्माण सभी की सहभागिता से ही सम्भव है। नगर निगम द्वारा आधुनिक तकनीक से युक्त इन वाहनों के संचालन से शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को नई गति मिलेगी तथा कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण एवं सीवर सफाई कार्यों में उल्लेखनीय सुधार होगा। इससे नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और शहर को स्वच्छ, सुन्दर एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
 ज्ञातव्य है कि इन अत्याधुनिक स्वच्छता वाहनों में 06 रोबोटिक मेनहोल सीवर क्लीनिंग मशीनें, 02 स्किड लोडर, 50 सी0एन0जी0 ऑटो टिपर तथा 02 बैक-हो लोडर शामिल हैं। इन आधुनिक वाहनों एवं मशीनों के उपयोग से सफाई कार्यों में तेजी आएगी, मानव श्रम पर निर्भरता कम होगी तथा सीवर एवं ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री जी को नगर आयुक्त द्वारा अवगत कराया गया कि रोबोटिक मेनहोल सीवर क्लीनिंग मशीन भारत का पहला रोबोटिक स्कैवेंजर-स्वच्छ भारत मिशन और मेक इन इण्डिया के तहत बैण्डीकूट मोबिलिटी मेनहोल में मानव प्रवेश की आवश्यकता को हमेशा के लिए समाप्त करता है। इसमें पकड़ने, उठाने और फावड़े जैसी बहुक्रियाशील क्षमताएं हैं तथा यह मेनहोल के अन्दर 360 डिग्री सफाई करता है। स्किड लोडर ड्रेन सिल्ट की सफाई के उपरान्त माइक्रो लेवल सफाई व्यवस्था के दृष्टिकोण से सिल्ट उठान किये जाने हेतु प्रयोग में लिया जाएगा। ‘हर दिन चार बिन्स‘ अर्थात ठोस अपशिष्ट के सोर्स सेग्रिकेशन को बेहतर बनाये जाने के क्रम में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के कार्य को बेहतर बनाये जाने हेतु 50 ऑटो टिपर सी0एन0जी0 से प्रतिदिन घरों से जनित कूड़े का उठान 04 कैटेगरी-गीला (हरा), सूखा (नीला), स्पेशल केयर वेस्ट (काला) एवं सैनेट्री वेस्ट (लाल) में कराया जाएगा। नगर निगम, बरेली द्वारा स्वच्छ भारत मिशन 1.0 के अन्तर्गत शहर में प्रतिदिन नाला सफाई का कार्य कराया जाता है, जिस हेतु 02 बैक-हो लोडर की खरीद की गयी है।
इसके उपरान्त, मुख्यमंत्री जी ने सर्किट हाउस प्रांगण में बेल के पौधे का रोपण तथा ‘दीप चैरिटेबल ट्रस्ट, बरेली‘ की ‘मोबाइल नेत्र चिकित्सा सेवा वैन‘ का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने