बलरामपुर- जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने तहसील क्षेत्र के ग्राम धुसाह में स्थित पानी खाते की भूमि गाटा संख्या-399 पर रोवर (GNSS Rover) के माध्यम से किए जा रहे सीमांकन कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आधुनिक तकनीक के माध्यम से किए जा रहे सीमांकन की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि रोवर तकनीक के उपयोग से भूमि सीमांकन अधिक सटीक, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से किया जा सकेगा। इससे सीमांकन कार्य में लगने वाला समय कम होगा तथा आमजन को शीघ्र राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से सीमांकन संबंधी लंबित मामलों के निस्तारण में भी तेजी आएगी और भूमि विवादों में प्रभावी कमी लाने में सहायता मिलेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि रोवर (GNSS Rover) उपग्रह आधारित आधुनिक सर्वेक्षण तकनीक है, जिसके माध्यम से फीता एवं जरीब के बिना भूमि का वैज्ञानिक एवं अत्यंत सटीक सीमांकन किया जा सकता है। इससे मानवीय त्रुटियों की संभावना न्यूनतम होती है तथा सीमांकन प्रक्रिया अधिक विश्वसनीय और पारदर्शी बनती है।
उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि रोवर तकनीक का अधिकाधिक उपयोग करते हुए सीमांकन संबंधी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि अनावश्यक भूमि विवादों में कमी आए।
इस दौरान एसडीएम सदर हेमंत गुप्ता, तहसीलदार सदर व अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहें।

              हिन्दी संवाद न्यूज से
                रिपोर्टर वी. संघर्ष
                   बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने