बलरामपुर- दिव्यांग छात्राओं की शिक्षा को और अधिक सुगम एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में ई-ट्राइसाइकिल योजना संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत जनपद बलरामपुर की 16 वर्ष या उससे अधिक आयु की अध्ययनरत दिव्यांग छात्राओं को अधिकतम ₹65,000 तक की ई-ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे विद्यालय, महाविद्यालय, पुस्तकालय, प्रयोगशाला एवं छात्रावास तक उनका आवागमन आसान हो सके।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि योजना का लाभ मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पाल्सी, हीमोफीलिया सहित अन्य पात्र दिव्यांगता से प्रभावित छात्राओं को मिलेगा। आवेदिका के पास मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा प्रमाणित दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी (UDID) कार्ड होना आवश्यक है। साथ ही संबंधित शिक्षण संस्थान से अध्ययनरत होने का प्रमाण-पत्र भी देना होगा।
उन्होंने बताया कि योजना में गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा ऐसे परिवार पात्र होंगे जो आयकर दाता की श्रेणी में नहीं आते हैं। पिछले 05 वर्षों में किसी भी स्रोत से ई-ट्राइसाइकिल प्राप्त कर चुकी छात्राएं इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी।
उन्होंने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन होगी। इच्छुक एवं पात्र छात्राएं अधिक जानकारी एवं आवेदन संबंधी सहायता के लिए जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन परिसर, बलरामपुर से संपर्क कर सकती हैं।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने सभी पात्र छात्राओं से समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है, ताकि शिक्षा की राह और अधिक सुलभ एवं सशक्त बन सके।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know