बलरामपुर- वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत जनपद बलरामपुर में पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा जनसहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से डीएम विपिन कुमार जैन के निर्देशन में वन विभाग, पंचायती राज विभाग एवं ग्राम्य विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्रीन चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।इसी क्रम में विकास खंड बलरामपुर के ग्राम पंचायत ज्यौनार, विकास खंड श्रीदत्तगंज के ग्राम पंचायत चंदनपुर तथा विकास खंड तुलसीपुर के ग्राम पंचायत देवनगर में ग्रीन चौपाल का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण के महत्व तथा जलवायु संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधरोपण करने एवं लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
ग्रीन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण भी किया गया, जिससे ग्रामीण अपने घरों, खेतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पौधरोपण कर हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
वन विभाग, पंचायती राज विभाग एवं ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वन महोत्सव सप्ताह के दौरान जनपद में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रति आमजन की भागीदारी बढ़ाई जा सके और जनपद को अधिक हरित एवं स्वच्छ बनाया जा सके।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know