मुख्यमंत्री ने जनपद चित्रकूट में कानून-व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा की

मुख्यमंत्री ने जनपद में न्यूनतम 300 शैय्याओं वाले मेडिकल कॉलेज की
स्थापना हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए

जनपद चित्रकूट ने विगत वर्षों में विकास एवं सुशासन के क्षेत्र में
उल्लेखनीय प्रगति की, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र
व्यक्ति तक पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ पहुंचाया जाए : मुख्यमंत्री

राजापुर क्षेत्र में प्रस्तावित फ्रण्ट कॉरिडोर का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित करें,
मंदाकिनी नदी के पुनरुत्थान के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाए

रामघाट स्थित लेटे हुए हनुमान मन्दिर क्षेत्र में जल संरक्षण हेतु बांध
 निर्माण के सम्बन्ध में प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश

आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत देय भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाए

अधिकारियों को एक-एक टी0बी0 मरीज गोद लेकर उनके उपचार एवं पोषण
में सहयोग करने के निर्देश, अभियान से जनप्रतिनिधियों को भी जोड़ा जाए

गोवंश संरक्षण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता, सभी गोशालाओं में भूसे
के साथ-साथ हरे चारे की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए

किसानों एवं युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए अधिकाधिक ऋण उपलब्ध कराएं

उर्वरक एवं बीज की समय से उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, प्राकृतिक
आपदाओं से प्रभावित किसानों को समयबद्ध रूप से क्षतिपूर्ति उपलब्ध करायी जाए

जल जीवन मिशन के अन्तर्गत सभी परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए

सोशल मीडिया पर अफवाह एवं असामाजिक गतिविधियों
में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करें

मुख्यमंत्री ने चित्रकूट धाम मण्डल, बाँदा के लोक निर्माण विभाग
के पुराने कार्यों एवं प्रस्तावित नए कार्यों की कार्ययोजना की समीक्षा की

सम्बन्धित जनपदों के विभिन्न प्रस्तावित कार्यों की कार्ययोजनाओं को अनुमोदन प्रदान किया
सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से व निर्धारित समय सीमा में पूर्ण होने चाहिए


लखनऊ : 08 जुलाई, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद चित्रकूट में कानून-व्यवस्था एवं विकास कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सभी कार्य सम्पादित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद चित्रकूट ने विगत वर्षों में विकास एवं सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ पहुंचाने तथा विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत सम्बद्ध चिकित्सालयों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्हें अवगत कराया गया कि जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर योजना का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत देय भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाए। सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर पोषण किट की उपलब्धता रहे। उन्होंने टी0बी0 उन्मूलन अभियान के अन्तर्गत अधिकारियों को एक-एक टी0बी0 मरीज गोद लेकर उनके उपचार एवं पोषण में सहयोग करने के निर्देश देते हुए कहा कि अभियान से जनप्रतिनिधियों को भी जोड़ा जाए। उन्होंने जनपद में न्यूनतम 300 शैय्याओं वाले मेडिकल कॉलेज की स्थापना हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री जी को वन विभाग की समीक्षा के दौरान अवगत कराया कि आगामी 12 जुलाई को प्रस्तावित वृक्षारोपण अभियान के अन्तर्गत लगभग 88 लाख पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस सम्बन्ध में गड्ढों की खुदाई एवं पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। मुख्यमंत्री जी ने वन भूमि पर अवैध कब्जों को हटाने तथा जिन वन मार्गों का जनसामान्य द्वारा उपयोग किया जाता है, उनके विकास हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि जनपद में 290 निराश्रित गो-आश्रय स्थल संचालित हैं। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोवंश संरक्षण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी निराश्रित गोवंश सड़कों पर विचरण करता हुआ न मिले। सभी गोशालाओं में भूसे के साथ-साथ हरे चारे की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री जी को शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में 141 इण्टरमीडिएट कॉलेज संचालित हैं, जिनमें 114 विद्यालय उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से सम्बद्ध हैं। मुख्यमंत्री जी ने छात्र संख्या की समीक्षा करते हुए प्रोजेक्ट अलंकार के अन्तर्गत स्वीकृत समस्त कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि जनपद में 1,262 विद्यालय संचालित हैं तथा लगभग 1.11 लाख विद्यार्थी पंजीकृत हैं। स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण में लगभग 25 हजार नए विद्यार्थियों का नामांकन कराया गया है। मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि सभी पात्र विद्यार्थियों को समय से निःशुल्क यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, बैग एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। कोई भी बच्चा विद्यालय जाने से वंचित न रहे। उन्होंने विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के कार्यों को भी समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने कृषि एवं बैंकिंग क्षेत्र की समीक्षा के दौरान अग्रणी जिला प्रबन्धक को किसानों एवं युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए अधिकाधिक ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उर्वरक एवं बीज की समय से उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को समयबद्ध रूप से क्षतिपूर्ति उपलब्ध करायी जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि वर्ष 2025-26 में 1,858 कृषकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने अवैध खनन एवं ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियन्त्रण सुनिश्चित करने तथा अन्य राज्यों से आने वाले अवैध खनन से जुड़े वाहनों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही  करने के निर्देश दिए।
पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री जी ने निर्माणाधीन परियोजनाओं का नियमित निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई विभाग को राजापुर क्षेत्र में प्रस्तावित फ्रण्ट कॉरिडोर का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदाकिनी नदी के पुनरुत्थान के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाए। उन्होंने चित्रकूट को धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी बताते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु छोटी धर्मशालाओं के विकास पर भी बल दिया।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने रामघाट स्थित लेटे हुए हनुमान मन्दिर क्षेत्र में जल संरक्षण हेतु बांध निर्माण का प्रस्ताव दिया, जिससे श्रद्धालुओं को स्नान हेतु पर्याप्त जल उपलब्ध हो सके। मुख्यमंत्री जी ने जिलाधिकारी को इस सम्बन्ध में प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न सड़क परियोजनाओं सहित स्थानीय विकास सम्बन्धित विषय भी उठाए गए। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विगत वर्षों में जनपद चित्रकूट में उल्लेखनीय विकास कार्य हुए हैं। चित्रकूट की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं सड़क अवसंरचना सराहनीय है।
मुख्यमंत्री जी ने जल जीवन मिशन के अन्तर्गत सभी परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने, जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ बिना किसी भेदभाव के उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व प्रकरणों, विशेषकर पैमाइश एवं नामांतरण के मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक को नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, थाना व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सोशल मीडिया पर अफवाह एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने, मिशन शक्ति के अन्तर्गत ग्राम पंचायतों में महिलाओं से संवाद स्थापित करने तथा शहरी क्षेत्रों में सी0सी0टी0वी0 कैमरों का नेटवर्क विस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भू-माफियाओं, तस्करों एवं संगठित अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को कोर ग्रुप की नियमित बैठक कर कानून-व्यवस्था की सतत् समीक्षा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर लोक निर्माण राज्य मंत्री श्री बृजेश सिंह, विधान परिषद सदस्य श्री जितेन्द्र सिंह सेंगर व श्री बाबूलाल तिवारी एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
इसके उपरान्त मुख्यमंत्री जी ने चित्रकूट धाम मण्डल, बाँदा के लोक निर्माण विभाग के पुराने कार्यों एवं प्रस्तावित नए कार्यों की कार्ययोजना की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री जी द्वारा सम्बन्धित जनपदों के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मण्डल के ग्रामीण मार्गों के पुनर्निर्माण, नवनिर्माण व अन्य जिला मार्ग व राजमार्गां के चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण, बाईपास एवं सड़क सुरक्षा, लघुसेतु एवं दीर्घसेतु की कार्ययोजनाओं को अनुमोदन प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से व निर्धारित समय सीमा में पूर्ण होने चाहिए। यह सुनिश्चित कराएं कि सड़कें गड्ढा मुक्त हो।
बैठक में लोक निर्माण राज्य मंत्री श्री बृजेश सिंह, जलशक्ति राज्य मंत्री श्री रामकेश निषाद एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग श्री अजय चौहान तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने