बलरामपुर- उत्तर प्रदेश शासन एवं युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल महानिदेशालय के निर्देशों के क्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु व्यक्तिगत श्रेणी के राज्य स्तरीय विवेकानंद यूथ अवार्ड के लिए जनपद बलरामपुर के पात्र एवं इच्छुक युवाओं से आवेदन/प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र निर्माण के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी कार्य करने वाले युवाओं को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने बताया कि इस पुरस्कार के लिए केवल उत्तर प्रदेश के मूल निवासी युवा ही पात्र होंगे। आवेदक की आयु 01 जनवरी, 2025 को न्यूनतम 15 वर्ष तथा अधिकतम 35 वर्ष होनी चाहिए। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को यह पुरस्कार केवल एक बार ही प्रदान किया जाएगा। शासन, अर्द्धशासकीय संस्थाओं, सार्वजनिक उपक्रमों, विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में कार्यरत कार्मिक इस पुरस्कार के लिए पात्र नहीं होंगे।
उन्होंने बताया कि खेल, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता, रक्तदान, नशामुक्ति, परिवार कल्याण, साक्षरता, स्वास्थ्य जागरूकता, राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता, आपदा प्रबंधन, मतदाता जागरूकता, पुस्तकालय एवं वाचनालय, जैविक खेती, सौर ऊर्जा, कला एवं संस्कृति, मानवाधिकार, पर्यटन, सक्रिय नागरिकता, सामुदायिक नेतृत्व सहित अन्य जनोपयोगी एवं राष्ट्रहित के क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवा आवेदन कर सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र तैयार कर आवश्यक अभिलेख, उपलब्धियों के प्रमाण-पत्र, समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचारों की प्रतियां, फोटोग्राफ एवं अन्य अपेक्षित दस्तावेज संलग्न करते हुए अपना आवेदन पत्र कार्यालय जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी, बलरामपुर में निर्धारित समयावधि के भीतर जमा कर सकते हैं। आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी विकास भवन स्थित कार्यालय से किसी भी कार्य दिवस में प्राप्त की जा सकती है।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने जनपद के समस्त युवक एवं महिला मंगल दलों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), भारत स्काउट एवं गाइड तथा अन्य युवा एवं सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के योग्य एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय सम्मान हेतु आवेदन करने के लिए प्रेरित करें, जिससे जनपद बलरामपुर का प्रतिनिधित्व राज्य स्तर पर सुनिश्चित हो सके।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know