बलरामपुर- उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद, लखनऊ के निर्देशानुसार मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी), आलिम (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा वर्ष-2026 में अधिकतम दो विषयों में अनुत्तीर्ण अथवा अनुपस्थित परीक्षार्थियों के लिए कम्पार्टमेंट परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन संबंधित मदरसों के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि कम्पार्टमेंट परीक्षा हेतु संस्थागत एवं व्यक्तिगत अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग परीक्षा शुल्क निर्धारित किया गया है। मुंशी/मौलवी संस्थागत अभ्यर्थियों के लिए प्रति विषय ₹200, व्यक्तिगत अभ्यर्थियों के लिए ₹250 तथा आलिम संस्थागत अभ्यर्थियों के लिए ₹250 एवं व्यक्तिगत अभ्यर्थियों के लिए ₹300 शुल्क निर्धारित किया गया है। निर्धारित शुल्क ट्रेजरी चालान के माध्यम से जमा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ट्रेजरी चालान जमा करने की अंतिम तिथि 28 जुलाई, 2026, ऑनलाइन आवेदन भरने की अंतिम तिथि 30 जुलाई, 2026, संबंधित मदरसों द्वारा पूर्ण आवेदन पत्र जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराने की अंतिम तिथि 03 अगस्त, 2026 तथा जिला स्तर से आवेदन अग्रसारित/लॉक किए जाने की अंतिम तिथि 07 अगस्त, 2026 निर्धारित की गई है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित शुल्क से कम शुल्क जमा करने, आवेदन अपूर्ण होने अथवा अंतिम तिथि के बाद आवेदन प्रस्तुत किए जाने पर आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा। आवेदन संबंधित मदरसे में ही जमा किए जाएंगे, जिन्हें मदरसा प्रबंधन ऑनलाइन पोर्टल पर लॉगिन कर अग्रसारित करेगा।
उन्होंने बताया कि कम्पार्टमेंट परीक्षा केवल लिखित परीक्षा होगी तथा इसमें केवल वे परीक्षार्थी आवेदन कर सकेंगे जो अधिकतम दो विषयों में अनुत्तीर्ण अथवा अनुपस्थित रहे हैं। परीक्षा की तिथि एवं अन्य आवश्यक निर्देश पृथक से जारी किए जाएंगे।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने जनपद के समस्त मदरसा प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से अपील की है कि वे पात्र परीक्षार्थियों को समय से आवेदन कराने में पूर्ण सहयोग प्रदान करें, ताकि किसी भी विद्यार्थी को असुविधा का सामना न करना पड़े और पूरी प्रक्रिया समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know